हिंडन एयरपोर्ट से इंदिरापुरम, डासना, हापुड़ रोड और एनएच-9 पर लागू रहेंगी यातायात संबंधी पाबंदियां
गाजियाबाद, 16 अक्टूबर। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शुक्रवार को गाजियाबाद के दौरे पर रहेंगे। उनके कार्यक्रम में बदलाव के तहत मुख्यमंत्री पहले इंदिरापुरम स्थित 40 एमएलडी क्षमता वाले टीएसटीपी (टर्शियरी सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट) का निरीक्षण करेंगे। इसके बाद वह डासना स्थित सुंदरदीप इंजीनियरिंग कॉलेज में आयोजित भाजपा के शिक्षक एवं स्नातक मतदाता सम्मेलन को संबोधित करेंगे।
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, मुख्यमंत्री दोपहर करीब 2:10 बजे हिंडन एयरपोर्ट पहुंचेंगे। यहां से वह इंदिरापुरम स्थित प्लांट का निरीक्षण करने जाएंगे। लगभग 320 करोड़ रुपये की लागत से तैयार इस परियोजना के माध्यम से सीवेज के पानी को शोधित कर औद्योगिक उपयोग के योग्य बनाया जाता है। प्लांट की क्षमता 40 मिलियन लीटर प्रतिदिन है और इससे करीब 1,200 औद्योगिक इकाइयों को पानी की आपूर्ति की जाती है।
निरीक्षण के बाद मुख्यमंत्री करीब 2:45 बजे डासना स्थित सुंदरदीप इंजीनियरिंग कॉलेज पहुंचेंगे। यहां भाजपा की ओर से मेरठ-सहारनपुर खंड के शिक्षक एवं स्नातक मतदाताओं का सम्मेलन आयोजित किया जा रहा है।
मुख्यमंत्री के दौरे को देखते हुए हिंडन एयरपोर्ट से इंदिरापुरम, हापुड़ रोड और एनएच-9 सहित संबंधित मार्गों पर यातायात प्रतिबंध लागू रहेंगे। वाहन चालकों को सलाह दी गई है कि वे यात्रा से पहले यातायात व्यवस्था की जानकारी लेकर वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करें।
