कौशल प्रशिक्षण से आत्मनिर्भर बनेंगी महिलाएं और युवतियां, कृष्णा ब्यूटी पार्लर एंड ट्रेनिंग सेंटर का शुभारंभ
आगरा। महिलाओं और युवतियों को आत्मनिर्भर बनाकर समाज की मुख्यधारा से जोड़ने की दिशा में दीपमाला फाउंडेशन ने एक और कदम बढ़ाया है। जगनेर रोड स्थित धनौली सब्जी मंडी क्षेत्र में अजीजपुर मोड़ के पास फाउंडेशन के नौवें सेंटर का शुभारंभ किया गया। दीपमाला फाउंडेशन की डायरेक्टर श्रीमती दिव्या राजपूत ने दीप प्रज्वलित कर और फीता काटकर कृष्णा ब्यूटी पार्लर एंड ट्रेनिंग सेंटर का उद्घाटन किया। इस अवसर पर फाउंडेशन की प्रमुख सदस्याओं के साथ बड़ी संख्या में क्षेत्रीय महिलाएं और युवतियां मौजूद रहीं।
कौशल प्रशिक्षण से आत्मनिर्भरता का रास्ता
उद्घाटन के दौरान फाउंडेशन की डायरेक्टर दिव्या राजपूत ने मीडिया से बातचीत में कहा कि महिलाओं और युवतियों को अपने पैरों पर खड़ा करना, उन्हें हुनरमंद बनाना और आत्मनिर्भरता के माध्यम से सशक्त बनाना फाउंडेशन का प्रमुख उद्देश्य है। उनका कहना था कि जब महिलाओं को शिक्षा, प्रशिक्षण और रोजगार के अवसर मिलते हैं, तो वे न केवल अपने परिवार की आर्थिक स्थिति मजबूत करती हैं, बल्कि समाज को भी नई दिशा देने में अहम भूमिका निभाती हैं।
उन्होंने बताया कि दीपमाला फाउंडेशन के माध्यम से महिलाओं और युवतियों को कंप्यूटर शिक्षा, ब्यूटी पार्लर, योग, सिलाई और कढ़ाई सहित विभिन्न प्रकार के प्रशिक्षण दिए जाते हैं। इन पाठ्यक्रमों का उद्देश्य महिलाओं को हुनरमंद बनाकर रोजगार एवं स्वरोजगार के अवसरों से जोड़ना है, ताकि वे आत्मविश्वास के साथ अपने भविष्य का निर्माण कर सकें।
महिलाओं को आगे बढ़ाने का संकल्प
धनौली स्थित कृष्णा ब्यूटी पार्लर की संचालिका श्रीमती बबली ने फाउंडेशन की डायरेक्टर दिव्या राजपूत और उनकी पूरी टीम का आभार व्यक्त किया। उन्होंने महिलाओं के सशक्तीकरण के लिए सेंटर के माध्यम से पूर्ण सहयोग देने का संकल्प जताते हुए कहा कि वह इस प्रशिक्षण केंद्र को नई ऊंचाइयों तक ले जाने का प्रयास करेंगी।
सेंटर के शुभारंभ के दौरान क्षेत्रीय महिलाओं और युवतियों की उल्लेखनीय भागीदारी देखने को मिली। फाउंडेशन की इस पहल को महिलाओं को हुनरमंद बनाने, आत्मनिर्भरता के अवसर उपलब्ध कराने और समाज में उनकी भागीदारी बढ़ाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
