भदोही / गोपीगंज 22 जुलाई । कोतवाली क्षेत्र के जंगीगंज बाजार के समीप सराय जगदीश फकीरान के पास बुधवार को एक डीसीएम चालक के बीएसएनएल टावर पर चढ़ जाने से हड़कंप मच गया। इस घटना के कारण राष्ट्रीय राजमार्ग के उत्तरी लेन पर करीब चार घंटे तक यातायात प्रभावित रहा।

जानकारी के अनुसार चालक सुरेंद्र कुमार पांडेय निवासी अभीनई, सुल्तानपुर अपनी डीसीएम जंगीगंज बाजार में खड़ा करना चाहता था। इसी दौरान बाजार के दो-तीन युवकों से विवाद हो गया। आरोप है कि युवकों ने चालक से मारपीट की और बेटी को लेकर गाली-गलौज की। इससे नाराज होकर सुरेंद्र पांडेय जंगीगंज बीएसएनएल टावर पर चढ़ गया और नीचे उतरने से इनकार कर दिया। वह चिल्लाकर कहने लगा कि “बेटी को गाली देने वालों पर कार्रवाई की जाए,हम इसे बर्दाश्त नहीं करेंगे।
घटना की सूचना मिलते ही मौके पर लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई।राजमार्ग पर वाहनों की रफ्तार रुक गई। चालक ने अपने वाहन जी जे27 टी जी 1147को राजमार्ग के उत्तरी लेन पर खड़ा कर जाम भी लगा दिया था।
सूचना पर प्रभारी निरीक्षक सच्चिदानंद पांडेय मौके पर पहुंचे। काफी समझाने के बाद पुलिस ने चालक के ससुराल कोइरौना क्षेत्र के नगरदह गांव से उसके साले पवन मिश्रा को बुलवाया। करीब 4 घंटे बादसुरेंद्र पांडेय टावर से नीचे उतरा। पुलिस उसे थाने ले गई।
बताया जा रहा है कि सुरेंद्र पांडेय की शादी नगरदह निवासी स्वर्गीय बनारसी मिश्रा की पुत्री सोनी देवी से हुई है और वह ससुराल जा रहा था।फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।
