संवाददाता: प्रिंस गुप्ता मंडल प्रभारी पुलिस दर्पण
भदोही। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, भदोही के पूर्णकालिक सचिव ने बुधवार को जिला कारागार ज्ञानपुर का निरीक्षण कर कारागार की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने बंदियों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं तथा उन्हें उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं की जानकारी ली।

निरीक्षण के दौरान सचिव ने बताया कि आर्थिक रूप से कमजोर एवं जरूरतमंद बंदियों को जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के माध्यम से निःशुल्क विधिक सहायता एवं सरकारी अधिवक्ता की सुविधा उपलब्ध कराई जाती है। उन्होंने पात्र बंदियों से इस योजना का अधिक से अधिक लाभ उठाने की अपील करते हुए कहा कि न्याय पाने के लिए आर्थिक स्थिति कभी बाधा नहीं बननी चाहिए।
इस अवसर पर प्रिजन लीगल एड क्लीनिक का भी निरीक्षण किया गया, जहां बंदियों को दी जा रही कानूनी सहायता की समीक्षा की गई। सचिव ने महिला बंदियों से अलग से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं और उन्हें आवश्यक विधिक परामर्श भी प्रदान किया।
निरीक्षण के दौरान कारागार प्रशासन को बंदियों के अधिकारों की रक्षा एवं उन्हें समय पर विधिक सहायता उपलब्ध कराने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए गए।
