पुलिस दर्पण कानपुर मंडल प्रभारी (निर्मित द्विवेदी गोपाल की स्पेशल रिपोर्ट)
बिन्दकी, फतेहपुर, । गुरु पूर्णिमा के पावन अवसर पर सरस्वती विद्या मंदिर इण्टर कॉलेज, लंका रोड, बिन्दकी, फतेहपुर द्वारा संचालित द्वितीय संस्कार केंद्र का शुभारंभ ग्राम डीघ, बिन्दकी में श्रद्धा एवं उत्साह के साथ सम्पन्न हुआ।

कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय के प्रधानाचार्य श्री बलराम सिंह जी ने दीप प्रज्ज्वलन एवं पूजन के साथ किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि संस्कार केंद्रों का उद्देश्य बच्चों में भारतीय संस्कृति, नैतिक मूल्यों, अनुशासन, राष्ट्रभक्ति तथा सेवा भाव का विकास करना है। उन्होंने गुरु पूर्णिमा के महत्व पर प्रकाश डालते हुए गुरु-शिष्य परंपरा को भारतीय संस्कृति की अमूल्य धरोहर बताया।
इस नवस्थापित संस्कार केंद्र के संचालन का दायित्व श्रीमती पूर्ति मिश्रा को सौंपा गया। उन्होंने केंद्र के माध्यम से बच्चों में उत्तम संस्कार, चरित्र निर्माण एवं सांस्कृतिक जागरण के लिए पूर्ण समर्पण के साथ कार्य करने का संकल्प व्यक्त किया।
कार्यक्रम में उपस्थित ग्रामीणों एवं अभिभावकों ने विद्यालय की इस प्रेरणादायी पहल की सराहना करते हुए संस्कार केंद्र के सफल संचालन हेतु अपना पूर्ण सहयोग देने का आश्वासन दिया। गुरु पूर्णिमा के पावन अवसर पर प्रारंभ हुआ यह संस्कार केंद्र क्षेत्र में शिक्षा एवं संस्कार के प्रसार की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
