पयागपुर। जैतापुर, शुक्ल पुरवा और गुरचाही के बीच स्थित ग्रामीण मार्ग की जर्जर हालत को लेकर ग्रामीणों में भारी नाराजगी है। लोगों का कहना है कि सड़क पूरी तरह कीचड़ और जलभराव से पट गई है, जिससे पैदल चलना भी मुश्किल हो गया है।

ग्रामीणों के अनुसार पिछले करीब आठ वर्षों से इस मार्ग की स्थिति नहीं सुधरी है। बरसात के मौसम में हालात और भी खराब हो जाते हैं। किसानों को खेतों तक पहुंचने में भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है, जबकि स्कूली बच्चों, महिलाओं और बुजुर्गों का आवागमन भी प्रभावित हो रहा है।
ग्रामीणों ने प्रशासन और जनप्रतिनिधियों से मांग की है कि इस सड़क का शीघ्र निर्माण कराया जाए, ताकि लोगों को मूलभूत आवागमन की सुविधा मिल सके। उनका कहना है कि विकास के दावों के बीच इस मार्ग की बदहाली ग्रामीण क्षेत्र की उपेक्षा को दर्शाती है।
