बहराइच। जिले के विशेश्वरगंज थाना क्षेत्र के ग्राम फुलेरा में गुरुवार सुबह एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई। एक युवक ने अपनी ही मां की कुल्हाड़ी से वार कर हत्या कर दी। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस, एफएसएल टीम और वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे।

पुलिस के अनुसार, सुबह करीब 7:30 बजे सूचना मिली कि कन्या देवी (55 वर्ष) पत्नी भगवानदीन वर्मा की कुल्हाड़ी से हत्या कर दी गई है। जांच में सामने आया कि मृतका के बेटे भगवानदीन वर्मा (28 वर्ष) ने पारिवारिक विवाद के दौरान अपनी मां पर कुल्हाड़ी से हमला कर दिया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
मृतका के पति की लिखित तहरीर के आधार पर विशेश्वरगंज थाने में संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर हत्या में प्रयुक्त कुल्हाड़ी भी बरामद कर ली है।
शव का पंचायतनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल बहराइच भेज दिया गया है। पुलिस मामले की विस्तृत जांच कर रही है। घटना के बाद गांव में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस बल तैनात है।
