सीएमओ के निरीक्षण में सभी चिकित्सक मिले अनुपस्थित, एक दिन का वेतन रोककर मांगा स्पष्टीकरण
पुलिस दर्पण बहराइच कृष्णा चंद्र शुक्ला
बहराइच। जिला अस्पताल स्थित ट्रॉमा सेंटर में सोमवार को चिकित्सकों और कर्मचारियों की गैरमौजूदगी से मरीजों को उपचार के लिए परेशान होना पड़ा। पट्टी कराने पहुंचे मरीज और उनके तीमारदारों को काफी देर तक स्टाफ का इंतजार करना पड़ा। उपचार सुविधा नहीं मिलने पर मरीजों ने इसकी शिकायत अधिकारियों से की।

शिकायत का संज्ञान लेते हुए मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ) ने ट्रॉमा सेंटर का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान सभी चिकित्सक अनुपस्थित पाए गए। मौके पर मरीज और तीमारदार उपचार के लिए परेशान नजर आए। सीएमओ ने चिकित्सकों एवं संबंधित कर्मचारियों की अनुपस्थिति को गंभीरता से लेते हुए नाराजगी जताई।

सीएमओ ने अनुपस्थित अधिकारी-कर्मचारियों का एक दिन का वेतन रोकने के निर्देश दिए हैं। साथ ही सभी से अनुपस्थिति को लेकर स्पष्टीकरण मांगा गया है। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि अस्पताल में आने वाले मरीजों को समय से उपचार उपलब्ध कराना स्वास्थ्य विभाग की प्राथमिकता है। ड्यूटी में लापरवाही या मरीजों को उपचार के लिए परेशान करने की शिकायत मिलने पर संबंधित कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
ट्रॉमा सेंटर जैसे महत्वपूर्ण चिकित्सा केंद्र में चिकित्सकों की अनुपस्थिति को लेकर मरीजों और तीमारदारों में नाराजगी देखी गई। अब स्वास्थ्य विभाग की कार्रवाई के बाद व्यवस्था में सुधार की उम्मीद जताई जा रही है।
