भदोही। प्रभारी जिलाधिकारी शुभांगी शुक्ला की अध्यक्षता में मंगलवार को कलेक्ट्रेट सभागार में नीति तारा (NITI TARA) प्लेटफॉर्म को लेकर अधिकारियों की बैठक हुई। इसमें अधिकारियों को प्लेटफॉर्म के इस्तेमाल और इसके फायदे के बारे में जानकारी दी गई।

बताया गया कि नीति तारा नीति आयोग की ओर से तैयार किया गया डिजिटल प्लेटफॉर्म है। इसकी मदद से अलग-अलग विभागों के आंकड़ों को एक जगह देखा जा सकेगा। इससे विकास योजनाओं की प्रगति की जानकारी आसानी से मिल सकेगी और जहां काम धीमा है, वहां जरूरी कदम उठाए जा सकेंगे।
प्लेटफॉर्म पर कृषि, स्वास्थ्य, शिक्षा, पंचायत समेत कई विभागों से जुड़ी जानकारी उपलब्ध होगी। अधिकारी आंकड़ों के आधार पर योजनाओं की समीक्षा कर सकेंगे। इससे बैठकों में योजनाओं की वास्तविक स्थिति का पता लगाने में भी मदद मिलेगी।
अधिकारियों को बताया गया कि नीति तारा का इस्तेमाल जिला और ब्लॉक स्तर पर विकास योजनाओं की निगरानी के लिए किया जाएगा। इससे किसी विभाग या क्षेत्र में काम की कमी होने पर उसकी पहचान कर समय रहते सुधार किया जा सकेगा।
बैठक में बताया गया कि एडसिल (इंडिया) लिमिटेड नीति आयोग के नीति तारा प्लेटफॉर्म के लिए प्रशिक्षण और संसाधन भागीदार के रूप में काम कर रहा है। इसके मास्टर ट्रेनरों की ओर से अधिकारियों और कर्मचारियों को प्लेटफॉर्म के इस्तेमाल की जानकारी दी जा रही है।
प्रभारी जिलाधिकारी शुभांगी शुक्ला ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि वे आंकड़ों की नियमित समीक्षा करें और योजनाओं की प्रगति पर नजर रखें। जिन क्षेत्रों में काम अपेक्षा के अनुसार नहीं हो रहा है, वहां प्राथमिकता से कार्रवाई करें। उन्होंने कहा कि सही आंकड़ों और तकनीक के इस्तेमाल से प्रशासन को बेहतर और जवाबदेह बनाया जा सकता है।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी बाल गोविंद शुक्ला, जिला अर्थ एवं संख्या अधिकारी अनिल कुमार सिंह समेत विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
