मोबाइल व सोने-चांदी के जेवरात बरामद, चोरी का सामान बांटने से पहले पुलिस ने दबोचा
एटा/नयागांव। थाना नयागांव पुलिस ने ढाई माह पूर्व हुई चोरी की वारदात का सफल अनावरण करते हुए दो शातिर चोरों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से चोरी का मोबाइल फोन तथा सोने-चांदी के आभूषण बरामद किए हैं। गिरफ्तार आरोपियों में एक हिस्ट्रीशीटर अपराधी भी शामिल है, जिसके विरुद्ध एटा, मैनपुरी एवं कन्नौज जनपदों के विभिन्न थानों में चोरी, लूट, आर्म्स एक्ट तथा गैंगस्टर एक्ट सहित कुल 17 आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. इलामारन जी. के निर्देशन, अपर पुलिस अधीक्षक श्वेताभ पाण्डेय एवं अपर पुलिस अधीक्षक (अपराध) योगेन्द्र सिंह के पर्यवेक्षण तथा क्षेत्राधिकारी राजेश सिंह के नेतृत्व में अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के अंतर्गत थाना नयागांव पुलिस को यह महत्वपूर्ण सफलता प्राप्त हुई।पुलिस के अनुसार शुक्रवार को थाना नयागांव पुलिस क्षेत्र में गश्त एवं संदिग्ध व्यक्ति-वाहनों की जांच कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई कि ग्राम रजपुरा स्थित खंडहर बारातघर के समीप दो संदिग्ध व्यक्ति चोरी के सामान के साथ मौजूद हैं।
सूचना पर तत्काल पुलिस टीम ने घेराबंदी कर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।तलाशी के दौरान आरोपियों के कब्जे से थाना नयागांव पर पंजीकृत मुकदमा संख्या 50/2026 से संबंधित नीले रंग का Motorola Moto G85 मोबाइल फोन, एक जोड़ी झाले, एक सोने की अंगूठी, एक चांदी की करधनी तथा एक जोड़ी चांदी की पायल बरामद की गई।पुलिस ने घटना के वादी को मौके पर बुलाकर बरामद सामान की पहचान कराई।
वादी ने मोबाइल एवं सभी आभूषणों की पहचान अपने चोरी गए सामान के रूप में की, जिसके उपरांत पुलिस ने विधिक कार्यवाही करते हुए सामान को कब्जे में ले लिया।पूछताछ में दोनों आरोपियों ने स्वीकार किया कि लगभग ढाई माह पूर्व उन्होंने थाना नयागांव क्षेत्र के ग्राम रामनगर स्थित एक मकान में रात्रि के समय चोरी की वारदात को अंजाम दिया था। चोरी के बाद मोबाइल एवं आभूषण अपने पास छिपाकर रख लिए थे। शुक्रवार को दोनों चोरी के सामान का आपस में बंटवारा करने के उद्देश्य से एकत्र हुए थे, लेकिन इससे पहले ही पुलिस ने उन्हें धर दबोचा।
बरामदगी के आधार पर मुकदमे में भारतीय न्याय संहिता की धारा 317(2) की बढ़ोत्तरी भी की गई है।गिरफ्तार आरोपियों की पहचान नेक्सू उर्फ सूरज पुत्र रामप्रकाश तथा विमलेश पुत्र फूल सिंह, दोनों निवासी ग्राम रजपुरा, थाना नयागांव, जनपद एटा के रूप में हुई है।पुलिस के अनुसार नेक्सू उर्फ सूरज एक शातिर एवं आदतन अपराधी है। उसके विरुद्ध एटा, मैनपुरी एवं कन्नौज जनपदों के विभिन्न थानों में चोरी, लूट, चोरी के माल की बरामदगी, आर्म्स एक्ट तथा गैंगस्टर एक्ट सहित कुल 17 आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। उसके विरुद्ध पूर्व में गैंगस्टर अधिनियम के अंतर्गत भी कार्रवाई की जा चुकी है।
इस सफल कार्रवाई में प्रभारी निरीक्षक आर.के. सिंह, उपनिरीक्षक मनीन्द्र कुमार, उपनिरीक्षक दीपक दोहरे, कांस्टेबल रोहित कुमार, रिजर्व कांस्टेबल कुशल, निर्दोष एवं फईम की महत्वपूर्ण भूमिका रही। वरिष्ठ अधिकारियों ने पुलिस टीम की सराहना करते हुए इसे अपराध नियंत्रण अभियान की उल्लेखनीय सफलता बताया।
