
पुलिस दर्पण रिपोर्टर कृष्ण चंद्र शुक्ला श्रवण
श्रावस्ती। हरदत्त नगर गिरंट थाना क्षेत्र के इमलिया गांव में देर रात लापता हुई महिला और उसकी एक वर्षीय बेटी के शव मंगलवार को गांव से कुछ दूरी पर छोटा करनपुर के पास स्थित तालाब में मिले। शव मिलने की जानकारी होते ही परिवार में कोहराम मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी।
इमलिया गांव निवासी जिब्रील की बहू 28 वर्षीय शबीना सोमवार देर रात अपनी एक वर्षीय बेटी को गोद में लेकर घर से लापता हो गई थी। काफी देर तक दोनों के वापस न लौटने पर स्वजन ने उनकी तलाश शुरू की। रातभर परिवार के लोग गांव, आसपास के क्षेत्रों और रिश्तेदारियों में महिला और बच्ची का पता लगाते रहे।
मंगलवार को छोटा करनपुर के पास मछली पालन के लिए बनाए गए तालाब में ग्रामीणों ने एक महिला का शव पानी में उतराता देखा। इसकी सूचना पर स्वजन मौके पर पहुंचे। वहां महिला और बच्ची की पहचान शबीना और उसकी एक वर्षीय बेटी के रूप में हुई।
ग्रामीणों के अनुसार शबीना की मानसिक स्थिति ठीक नहीं रहती थी और उसका उपचार चल रहा था। हालांकि, घटना की वास्तविक वजह अभी स्पष्ट नहीं है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद स्थिति और स्पष्ट होने की बात कही जा रही है।
बताया गया कि शबीना के तीन बेटियां और दो बेटे हैं। उसका पति इसराइल प्रदेश में मजदूरी करता है और इन दिनों घर पर ही था। मां-बेटी की मौत की खबर से परिवार के लोगों का रो-रोकर बुरा हाल है।
