आगरा से जिला ब्यूरो चीफ नरेश कुमार की रिपोर्ट
ताजमहल के आसपास पर्यटकों को घेरकर परेशान करने वाले 9 लपके गिरफ्तार
आगरा। पर्यटन स्थल ताजमहल के आसपास पर्यटकों को घेरकर होटल बुक कराने, गाइड उपलब्ध कराने और ताजमहल घुमाने के नाम पर परेशान करने वाले 9 लपकों/हॉकरों को थाना पर्यटन पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पुलिस ने सभी के विरुद्ध आवश्यक वैधानिक कार्रवाई कर उन्हें न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया।

पुलिस आयुक्त कमिश्नरेट आगरा एवं पुलिस उपायुक्त नगर जोन के निर्देश पर पर्यटन स्थलों के आसपास पर्यटकों को परेशान करने वाले लपकों और अव्यवस्था फैलाने वाले लोगों के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है।
रविवार 31 अगस्त 2026 को थाना पर्यटन पुलिस टीम क्षेत्र में गश्त और चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान पुलिस को सूचना मिली कि ताजमहल के आसपास कुछ लोग पर्यटकों को घेरकर उन्हें ताजमहल घुमाने, होटल बुक कराने, गाइड उपलब्ध कराने सहित अन्य सेवाओं के नाम पर अनावश्यक रूप से परेशान कर रहे हैं।
सूचना पर सहायक पुलिस आयुक्त ताज सुरक्षा के पर्यवेक्षण में थाना प्रभारी पर्यटन पूनम त्यागी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए 9 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपियों में दिलीप कुमार, महेश कुमार, लोकेन्द्र राठौर, विनोद कुमार, विकास, रामकुमार, शाहरुख, दिनेश और हसन शामिल हैं। सभी आरोपी आगरा के विभिन्न क्षेत्रों के निवासी बताए गए हैं।
कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम में थानाध्यक्ष पूनम त्यागी, उपनिरीक्षक मनीष कुमार, उपनिरीक्षक रवि कुमार, हेड कांस्टेबल ज्ञानेंद्र बाबू तथा कांस्टेबल सचिन, अतिश, प्रिंस, केशव और अभिषेक यादव शामिल रहे।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि पर्यटन स्थलों के आसपास पर्यटकों को परेशान करने वाले लपकों और अवैध रूप से गतिविधियां संचालित करने वालों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।
