बहराइच | जन शिकायतों के त्वरित और प्रभावी निस्तारण के उद्देश्य से शनिवार को नानपारा थाने में थाना समाधान दिवस का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता एसडीएम नानपारा मोनालिसा जौहरी ने की, जहां उन्होंने फरियादियों की समस्याएं सुनकर संबंधित अधिकारियों को मौके पर जाकर निष्पक्ष जांच और समयबद्ध कार्रवाई के निर्देश दिए।

एसडीएम ने कहा कि समाधान दिवस में प्राप्त प्रत्येक शिकायत का गुणवत्तापूर्ण एवं शत-प्रतिशत निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने राजस्व एवं पुलिस विभाग की संयुक्त टीमों को निर्देशित किया कि वे शिकायतों का मौके पर जाकर सत्यापन करें और निर्धारित समय सीमा के भीतर उनका समाधान करें।
महिला अपराध से जुड़ी शिकायतों को प्राथमिकता देने पर विशेष जोर देते हुए एसडीएम ने कहा कि कार्रवाई के बाद शिकायतकर्ता को भी निस्तारण की जानकारी अवश्य दी जाए। इस दौरान उपस्थित लोगों को साइबर अपराध और ऑनलाइन ठगी से बचाव के बारे में भी जागरूक किया गया। अधिकारियों ने लोगों से अपील की कि किसी भी संदिग्ध कॉल, लिंक या ऑनलाइन लेनदेन से पहले सतर्क रहें और साइबर हेल्पलाइन की सहायता लें।
थाना समाधान दिवस में पुलिस क्षेत्राधिकारी नानपारा, थाना प्रभारी, राजस्व विभाग के अधिकारी-कर्मचारी तथा अन्य पुलिसकर्मी मौजूद रहे।
