
ब्यूरो राम कुमार कानपुरदेहात
22 वर्षों से चली आ रही परंपरा के तहत 11 दिवसीय गणेश महोत्सव का आयोजन, सुबह-शाम पूजा-अर्चना में जुट रहे श्रद्धालु
रसूलाबाद। कस्बे के श्री धर्मगढ़ बाबा मंदिर प्रांगण में गणेश महोत्सव के तहत शुक्रवार को श्रद्धालुओं ने भगवान गणेश का विधि-विधान से पूजन-पाठ किया। आचार्यों द्वारा भगवान गणेश का पाठ कराया गया। इस दौरान मंदिर प्रांगण भक्तिमय माहौल से गूंज उठा। श्रद्धालुओं ने भगवान गणेश के समक्ष माथा टेककर सुख-समृद्धि और परिवार की खुशहाली की कामना की।
बताया जाता है कि रसूलाबाद क्षेत्र में करीब 22 वर्ष पहले गणेश महोत्सव की शुरुआत हुई थी। तभी से यह आयोजन लगातार श्रद्धा और भक्ति भाव के साथ मनाया जा रहा है। समय के साथ गणेश महोत्सव ने व्यापक रूप ले लिया। अब रसूलाबाद क्षेत्र में कई स्थानों पर गणेश प्रतिमाएं स्थापित कर श्रद्धालु 11 दिवसीय गणेश महोत्सव मना रहे हैं।
क्षेत्र के उसरी, कहिंजरी, असालतगंज, निराला नगर समेत नगर के कई स्थानों पर भगवान गणेश की प्रतिमाएं स्थापित की गई हैं। सुबह और शाम श्रद्धालु पूजा-अर्चना में शामिल हो रहे हैं। श्री धर्मगढ़ बाबा मंदिर प्रांगण में भी प्रतिदिन आचार्यों द्वारा पाठ कराया जा रहा है। बड़ी संख्या में भक्त पहुंचकर भगवान गणेश की आराधना कर रहे हैं।
महोत्सव के अंतिम दिन भगवान गणेश की प्रतिमा की गाजे-बाजे के साथ शोभायात्रा निकाली जाएगी। इसके बाद रिन्द नदी स्थित मिंडा कुआं में प्रतिमा का विसर्जन किया जाएगा। आयोजन को लेकर श्रद्धालुओं में उत्साह बना हुआ है। मंदिर प्रांगण में लगातार धार्मिक कार्यक्रमों के चलते माहौल भक्तिमय बना हुआ है।
