जागरूकता रैली में 356 विद्यार्थियों ने लिया हिस्सा, नशामुक्त भारत का दिया संदेश
संवाददाता प्रिंस गुप्ता
मण्डल प्रभारी पुलिस दर्पण
भदोही। नशे के बढ़ते प्रचलन और उसके दुष्प्रभावों के प्रति लोगों को जागरूक करने के लिए शुक्रवार को जीवनदीप इंस्टीट्यूट ऑफ नर्सिंग एंड पैरामेडिकल साइंसेज, भदोही के छात्र-छात्राओं ने जागरूकता रैली निकाली। एनकॉर्ड (NCORD) और नशा मुक्त भारत अभियान के तहत आयोजित रैली में संस्थान के 356 विद्यार्थियों ने हिस्सा लिया।

रैली संस्थान परिसर से शुरू होकर शहर के प्रमुख मार्गों से गुजरी। छात्र-छात्राओं ने हाथों में नशा विरोधी संदेश लिखी तख्तियां लेकर लोगों को नशे से होने वाले नुकसान के बारे में जागरूक किया। इस दौरान विद्यार्थियों ने नारे लगाकर युवाओं से नशे से दूर रहने और स्वस्थ जीवन अपनाने की अपील की।

विद्यार्थियों ने कहा कि नशा व्यक्ति के स्वास्थ्य को नुकसान पहुंचाने के साथ ही पूरे परिवार और समाज को प्रभावित करता है। युवाओं को नशे से बचाना सभी की जिम्मेदारी है। जागरूकता के जरिए ही नशे के खिलाफ मजबूत माहौल बनाया जा सकता है।
रैली के समापन पर छात्र-छात्राओं और उपस्थित लोगों को ‘नशा मुक्त परिसर एवं नशा मुक्त भारत’ की शपथ दिलाई गई। विद्यार्थियों ने नशे के खिलाफ जागरूकता फैलाने और अपने आसपास के लोगों को भी नशे से दूर रहने के लिए प्रेरित करने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम में डॉ. ए. के. गुप्ता, राजीव सिंह, उमा शंकर राय, राजेंद्र तोमर, शिवम प्रजापति, राज सिंह, गौरव कुमार सहित दर्जनों लोग मौजूद रहे। संस्थान की ओर से कहा गया कि ऐसे कार्यक्रमों का उद्देश्य युवाओं को नशे के नुकसान के प्रति जागरूक करना और समाज में नशामुक्ति का सकारात्मक संदेश पहुंचाना है।
