कृष्ण चंद्र शुक्ला रिपोर्टर पुलिस दर्पण श्रावस्ती
श्रावस्ती। मल्हीपुर थाना पुलिस ने नाबालिग किशोरी के साथ सामूहिक दुष्कर्म के मामले में कार्रवाई करते हुए एक वांछित अभियुक्त को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने मामले में एक विधि का उल्लंघन करने वाले बाल अपचारी को भी हिरासत में लिया है। दोनों को आवश्यक विधिक कार्रवाई के बाद न्यायालय भेजा गया।

पुलिस के अनुसार, पुलिस अधीक्षक राहुल भाटी के निर्देश पर महिला संबंधी अपराधों की रोकथाम एवं वांछित आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए अभियान चलाया जा रहा है। अपर पुलिस अधीक्षक चंद्रकेश सिंह और क्षेत्राधिकारी भिनगा भरत पासवान के पर्यवेक्षण में मल्हीपुर थाना प्रभारी निरीक्षक महेंद्र कुमार सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना पर दोनों को जमुनहा स्थित आदर्श इंटर कॉलेज के पास से गिरफ्तार किया।
पुलिस के मुताबिक, 3 अगस्त को चमरपुरवा निवासी महिला ने थाने में तहरीर देकर आरोप लगाया था कि उसकी नाबालिग पुत्री को पिकअप वाहन में बैठाकर गांव से करीब 500 मीटर दूर ननकऊ मौर्या के बाग में ले जाकर दुष्कर्म किया गया। शिकायत के आधार पर मल्हीपुर थाने में संबंधित धाराओं और पॉक्सो एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया था।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान हंसराम उर्फ हसनू निवासी बेलरी के रूप में हुई है। पुलिस ने दूसरे आरोपी को बाल अपचारी बताया है। मामले में आगे की विधिक कार्रवाई जारी है।
