लेखराज कौशल(ब्यूरो चीफ)हापुड़
मुख्य बाजार रोड की टूटी पुलिया बनी थी मौत का जाल, पार्षद विनय यादव ने 24 घंटे में कराया स्थायी समाधान – स्कूली बच्चों और आम जनता ने ली राहत की सांस
हापुड़/गढ़मुक्तेश्वर। नगर के मुख्य बाजार रोड पर लंबे समय से टूटी हुई पुलिया आम जनता के लिए बड़ी मुसीबत और खतरे का कारण बनी हुई थी। इस टूटी पुलिया के कारण प्रतिदिन स्कूल जाने वाले छोटे-छोटे मासूम बच्चों, बुजुर्गों और रोजाना काम पर जाने वाले सैकड़ों लोगों को जान जोखिम में डालकर निकलना पड़ रहा था। बारिश के दिनों में तो यह खतरा और भी बढ़ गया था।
मामले की गंभीरता और जनता की परेशानी को देखते हुए वार्ड पार्षद विनय यादव ने इसे गंभीरता से लिया और कहा – *”जनता की सुरक्षा से कोई समझौता नहीं।
पार्षद विनय यादव ने बताया कि उन्हें लगातार स्थानीय लोगों और दुकानदारों से शिकायतें मिल रही थीं कि टूटी पुलिया के कारण कभी भी कोई बड़ा हादसा हो सकता है। विशेषकर सुबह-शाम जब छोटे स्कूली बच्चे इसी रास्ते से गुजरते हैं, तो हर समय अनहोनी का डर बना रहता था।
शिकायत मिलते ही पार्षद विनय यादव ने तत्काल मौके पर पहुंचकर स्वयं स्थिति का संज्ञान लिया और संबंधित विभाग से बात कर इस समस्या का स्थायी समाधान करवा दिया। अब पुलिया की पूरी तरह से मरम्मत कर उसे मजबूत और सुरक्षित बना दिया गया है।
मरम्मत के बाद स्थानीय लोगों में खुशी का माहौल है। लोगों का कहना है कि पार्षद ने वाकई अपने वादे को निभाया है।
इस अवसर पर पार्षद विनय यादव ने कहा, आपके भरोसे पर खरा उतरना ही मेरी सबसे बड़ी जिम्मेदारी है। आपकी हर समस्या में, मैं आपके साथ खड़ा हूँ। नगर के विकास और आपकी सुविधा के लिए मैं सदैव तत्पर हूँ। मेरा वार्ड मेरा परिवार है।”
पार्षद की इस त्वरित कार्रवाई की पूरे बाजार और वार्ड में जमकर सराहना हो रही है।
