आगरा से संवाददाता लक्की दिवाकर
आगरा 16.10.2026 । रात्रि में थाना साइबर क्राइम टीम कमिश्नरेट आगरा द्वारा थाना हरिपर्वत क्षेत्रांतर्गत राजा की मंडी स्थित दुर्गा पंडाल में साइबर जागरूकता अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान नाट्य रूपांतरण एवं साइबर सुरक्षा से संबंधित गीतों की प्रस्तुति के माध्यम से पंडाल में उपस्थित श्रद्धालुओं, महिलाओं एवं पुरुषों को साइबर अपराधों के विभिन्न तरीकों, विशेषकर Green Gas से संबंधित APK फाइलों के जरिए होने वाली साइबर धोखाधड़ी के प्रति जागरूक किया गया। साथ ही, डिजिटल अरेस्ट जैसे साइबर अपराधों के संबंध में विस्तृत जानकारी देकर उनसे बचाव के उपाय बताए गए।
पुलिस टीम द्वारा श्रद्धालुओं को जागरूक किया गया कि WhatsApp अथवा अन्य माध्यमों से प्राप्त अनजान APK फाइलों को डाउनलोड या इंस्टॉल न करें तथा मोबाइल में Install Unknown Apps विकल्प को आवश्यकता न होने पर बंद रखें।
मोबाइल की सुरक्षा के लिए Google Play Protect चालू रखने, संदिग्ध ऐप्स को SMS, Notification एवं Accessibility जैसी संवेदनशील अनुमतियां न देने तथा अपना OTP, UPI PIN, पासवर्ड एवं बैंक संबंधी गोपनीय जानकारी किसी के साथ साझा न करने की अपील की गई। इसके अतिरिक्त, कॉल फॉरवर्डिंग से संबंधित किसी संदिग्ध गतिविधि की स्थिति में टेलीकॉम ऑपरेटर से संपर्क करने तथा साइबर धोखाधड़ी की आशंका होने पर तत्काल आवश्यक कदमन उठाने के संबंध में जानकारी दी गई।
साइबर धोखाधड़ी होने पर तत्काल करें शिकायत
पुलिस टीम द्वारा बताया गया कि साइबर वित्तीय धोखाधड़ी का शिकार होने पर तत्काल हेल्पलाइन नंबर 1930 पर कॉल करें तथा आधिकारिक वेबसाइट www.cybercrime.gov.in पर शिकायत दर्ज कराएं। साथ ही, संबंधित बैंक एवं टेलीकॉम ऑपरेटर को तत्काल सूचित करें, जिससे समय रहते आवश्यक कार्रवाई की जा सके।
कमिश्नरेट आगरा पुलिस द्वारा आमजन से अपील की जाती है कि साइबर सुरक्षा संबंधी सावधानियों का पालन करें, डिजिटल अरेस्ट एवं ऑनलाइन धोखाधड़ी के प्रति सतर्क रहें तथा किसी भी संदिग्ध लिंक, कॉल या ऐप के झांसे में न आएं।
