कृष्ण चंद्र शुक्ला पुलिस दर्पण रिपोर्टर बहराइच
बहराइच। विशेश्वरगंज थाना क्षेत्र के पुरैना मोड़ स्थित सुमन पाली क्लीनिक में प्रसव के दौरान एक महिला की मौत का मामला सामने आया है। घटना के बाद मृतका के परिजनों ने क्लीनिक संचालक और वहां मौजूद चिकित्सकों पर इलाज में लापरवाही बरतने तथा अप्रशिक्षित स्टाफ से उपचार कराने का गंभीर आरोप लगाया है।

परिजनों के मुताबिक, प्रसव पीड़ा होने पर महिला को सुमन पाली क्लीनिक में भर्ती कराया गया था। आरोप है कि क्लीनिक में मौजूद स्टाफ ने महिला का ऑपरेशन किया, जिसके बाद उसकी हालत बिगड़ गई और प्रसव के दौरान ही उसकी मौत हो गई। महिला की मौत की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया और उन्होंने क्लीनिक के बाहर हंगामा शुरू कर दिया।
मामले की सूचना मिलने पर स्वास्थ्य विभाग की टीम मौके पर पहुंची और क्लीनिक की जांच की। आरोप है कि कार्रवाई की भनक लगते ही क्लीनिक से चिकित्सक और कर्मचारी मौके से फरार हो गए। जांच टीम को मौके पर कोई जिम्मेदार व्यक्ति नहीं मिला।
स्वास्थ्य विभाग ने तत्काल प्रभाव से क्लीनिक का संचालन बंद करा दिया है। अधिकारियों के मुताबिक मामले की जांच की जा रही है। जांच रिपोर्ट के आधार पर दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी। मामले को लेकर स्वास्थ्य विभाग की कार्रवाई से निजी क्लीनिक संचालकों में भी हड़कंप मचा हुआ है।
