सहारनपुर । सरसावा थाना पुलिस ने 17 जुलाई को हुई युवक विपिन की सनसनीखेज हत्या का खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के मुताबिक, प्रेम प्रसंग और शादी की चाहत ने दोस्ती को दुश्मनी में बदल दिया और आरोपी ने अपने ही दोस्त की गमछे से गला घोंटकर हत्या कर दी। वारदात में शामिल दूसरे आरोपी ने मृतक के पैर पकड़कर हत्या में साथ दिया।

पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों मोबिन निवासी कुतुबपुर और रहमान निवासी चंदेरी (शामली) के कब्जे से मृतक की मार्कशीट, आधार कार्ड और हत्या में प्रयुक्त गमछा बरामद किया है। पुलिस पूछताछ में मुख्य आरोपी मोबिन ने बताया कि वह और विपिन अच्छे दोस्त थे। दोनों अक्सर साथ आते-जाते थे। इसी दौरान विपिन की आरोपी की रिश्तेदारी में रहने वाली युवती से बातचीत शुरू हो गई। आरोपी खुद भी उसी युवती से शादी करना चाहता था और कई बार विपिन को उससे बात न करने की चेतावनी दी थी। जब विपिन नहीं माना तो उसने हत्या की साजिश रच डाली।
योजना के तहत 17 जुलाई को मोबिन ने विपिन को नशा करने के बहाने गन्ने के खेत में बुलाया। वहां नशा करने के बाद दोनों के बीच युवती को लेकर विवाद हुआ। गुस्से में मोबिन ने गमछे से विपिन का गला दबा दिया, जबकि रहमान ने उसके पैर पकड़ लिए। दोनों ने मिलकर उसकी हत्या कर शव को खेत में छोड़ दिया और मौके से फरार हो गए। भागते समय मृतक का मोबाइल और अन्य सामान रास्ते में फेंक दिया।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर एसपी ग्रामीण और सीओ नकुड़ के पर्यवेक्षण में थाना प्रभारी प्रवेश कुमार शर्मा के नेतृत्व में पुलिस टीम ने सोमवार को टाबर तिराहे के पास से दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर हत्या की गुत्थी सुलझा दी। पुलिस ने दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश कर आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
रिपोर्ट – अरविन्द कुमार सैनी
