फिरोजाबाद। थाना नसीरपुर पुलिस ने नकबजनी की एक बड़ी वारदात का सफल अनावरण करते हुए पुलिस मुठभेड़ के दौरान अंतरजनपदीय चोरी गिरोह के पांच सदस्यों को गिरफ्तार कर लिया। मुठभेड़ के दौरान एक आरोपी पुलिस की जवाबी कार्रवाई में पैर में गोली लगने से घायल हो गया, जिसे पुलिस अभिरक्षा में उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र शिकोहाबाद में भर्ती कराया गया है।

आरोपितों के कब्जे से चोरी किए गए चांदी के आभूषण, दो अवैध तमंचे, कारतूस तथा दीवार तोड़ने में प्रयुक्त औजार बरामद किए गए हैं। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आदित्य लांग्हे के निकट पर्यवेक्षण तथा अपर पुलिस महानिदेशक, आगरा जोन एवं पुलिस उपमहानिरीक्षक, आगरा परिक्षेत्र के निर्देशन में वांछित अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा था। इसी क्रम में थाना नसीरपुर पुलिस ने 11/12 जुलाई की रात्रि ग्राम रहल में हुई नकबजनी की घटना का सफल खुलासा किया।
पुलिस के अनुसार ग्राम रहल निवासी भंवर सिंह ने थाना नसीरपुर में तहरीर देकर बताया था कि अज्ञात चोरों ने उनके मकान की चार इंच मोटी ईंट की दीवार तोड़कर घर में प्रवेश किया और बक्सों व अलमारी के ताले तोड़कर सोने-चांदी के आभूषण चोरी कर लिए। इस संबंध में थाना नसीरपुर पर भारतीय न्याय संहिता की सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर विवेचना प्रारंभ की गई थी।
घटना के अनावरण के लिए गठित विशेष टीमों ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज, तकनीकी साक्ष्यों तथा अन्य सूचनाओं का गहन विश्लेषण किया। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि ग्राम रपड़ी के जंगल में कुछ बदमाश चोरी की योजना बना रहे हैं। सूचना पर पुलिस टीम ने जंगल में पहुंचकर घेराबंदी की और आत्मसमर्पण करने को कहा। इस दौरान बदमाशों ने पुलिस दल पर जानलेवा फायरिंग कर दी। आत्मरक्षा में पुलिस द्वारा की गई जवाबी कार्रवाई में तेज सिंह के पैर में गोली लग गई, जबकि एक अन्य आरोपी द्वारा चलाई गई गोली पुलिसकर्मियों को नहीं लगी। तत्परता दिखाते हुए पुलिस ने मौके से अन्य चार आरोपितों को भी दबोच लिया।
गिरफ्तार आरोपितों की पहचान तेज सिंह, नैमीचंद, सुरेशचंद्र, सियाराम तथा राधेश्याम के रूप में हुई है। सभी आरोपी जनपद आगरा के विभिन्न थाना क्षेत्रों के निवासी हैं। पूछताछ के दौरान आरोपितों की निशानदेही पर ग्राम रहल में चोरी किए गए चांदी के आभूषण बरामद किए गए। पुलिस ने आरोपितों के कब्जे से एक चांदी की करधनी, तीन जोड़ी पायल, बच्चों के दो खड़ुआ, दो तमंचे (.315 बोर), दो जीवित कारतूस, तीन खोखा कारतूस, दीवार तोड़ने के लिए प्रयुक्त तीन लोहे के सब्बल, चाबियों का गुच्छा तथा एक बड़ी रिंच बरामद की है।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपितों में तेज सिंह, नैमीचंद, सुरेशचंद्र तथा राधेश्याम के विरुद्ध आगरा एवं फिरोजाबाद जनपद के विभिन्न थानों में चोरी, आर्म्स एक्ट, गैंगस्टर एक्ट सहित अन्य गंभीर धाराओं में पूर्व से कई आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। सभी आरोपितों के विरुद्ध आवश्यक विधिक कार्रवाई करते हुए उन्हें न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया जा रहा है। इस कार्रवाई को थाना नसीरपुर के प्रभारी निरीक्षक जसबीर सिंह के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम एवं सर्विलांस टीम ने सफलतापूर्वक अंजाम दिया। पुलिस अधिकारियों ने इसे क्षेत्र में अपराध नियंत्रण की दिशा में महत्वपूर्ण सफलता बताया है।
