पुलिस दर्पण रिपोर्टर कृष्ण चंद्र शुक्ला बहराइच
भूपगंज । भूपगंज बाजार के मुख्य मार्ग की जर्जर हालत से नागरिकों और व्यापारियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। आदर्श नगर पंचायत के वार्ड नंबर एक में बड़ी पूर्व से रेलवे स्टेशन को जोड़ने वाला यह प्रमुख मार्ग करीब 10 वर्ष पहले बनाया गया था, लेकिन वर्तमान में सड़क जगह-जगह टूटकर जानलेवा गड्ढों में तब्दील हो चुकी है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि थोड़ी सी बारिश होते ही सड़क पर पानी भर जाता है और मार्ग किसी टापू जैसा नजर आने लगता है। जलभराव और गड्ढों के कारण राहगीरों, बाइक सवारों और आसपास के दुकानदारों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। आए दिन हादसे की आशंका बनी रहती है।
सड़क की बदहाली का असर बाजार के कारोबार पर भी पड़ रहा है। दूर-दराज से भूपगंज बाजार आने वाले ग्राहक अब खराब रास्ते के कारण यहां आने से कतरा रहे हैं, जिससे स्थानीय व्यापारियों को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है।
स्थानीय नागरिकों का कहना है कि सड़क की मरम्मत को लेकर कई बार जिम्मेदारों से शिकायत की गई, लेकिन समस्या का स्थायी समाधान नहीं हो सका। लोगों ने संबंधित अधिकारियों से जल्द सड़क का निर्माण या कायाकल्प कराने और जलभराव की समस्या दूर करने की मांग की है।
वहीं, सरकार की ओर से सड़क, नाली और खड़ंजे की बेहतर व्यवस्था के दावे किए जाते हैं, लेकिन भूपगंज में धरातल की तस्वीर इन दावों से अलग नजर आ रही है।
