
सीएमओ के निरीक्षण में सामने आई लापरवाही, सितंबर के सात दिवस का वेतन अग्रिम आदेश तक रोका
संवाददाता: प्रिंस गुप्ता,भदोही
भदोही। स्वास्थ्य केंद्रों के निरीक्षण के दौरान मुख्यालय पर निवास नहीं करने की शिकायत सही मिलने पर सीएमओ डॉ. संतोष कुमार चक ने दो एएनएम के खिलाफ कार्रवाई की है। दोनों के सितंबर माह के सात दिवस का वेतन अग्रिम आदेश तक बाधित कर दिया गया।
आयुष्मान आरोग्य मंदिर लखनो के निरीक्षण में एएनएम सुष्मिता चौधरी के मुख्यालय पर निवास नहीं करने की जानकारी सामने आई। इस पर उनका सितंबर माह का सात दिवस का वेतन रोक दिया गया।
इसी तरह आयुष्मान आरोग्य मंदिर वारी-1 और वारी-2 के निरीक्षण में एएनएम रितु बिंद के भी मुख्यालय पर निवास नहीं करने की बात सामने आई। उनका भी सितंबर माह का सात दिवस का वेतन अग्रिम आदेश तक बाधित किया गया।
सीएमओ ने स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारियों को निर्धारित मुख्यालय पर रहकर अपने दायित्वों का निर्वहन करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि निरीक्षण के दौरान लापरवाही मिलने पर संबंधित कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
