तरुण कुमार ब्यूरो चीफ
बरेली, भुता। ग्राम भुता में राजकीय पॉलिटेक्निक कॉलेज जाने वाली सरकारी सड़क पर अवैध कब्जे का आरोप लगाते हुए ग्रामीणों ने जिलाधिकारी से शिकायत की है। ग्रामीणों ने सड़क को कब्जामुक्त कराकर प्रस्तावित चौड़ीकरण के साथ निर्माण कार्य पूरा कराने की मांग की है।

ग्रामीणों के मुताबिक, गाटा संख्या 511 में सरकारी सड़क दर्ज है। वहीं गाटा संख्या 466 के दक्षिणी हिस्से में करीब 18 मीटर चौड़ी सड़क पूरब-पश्चिम दिशा में स्थित है। इस मार्ग से ग्रामीण ट्रैक्टर-ट्रॉली व अन्य वाहनों के अलावा राजकीय पॉलिटेक्निक कॉलेज के छात्र-छात्राओं का भी आवागमन होता है। शिकायतकर्ताओं का आरोप है कि गाटा संख्या 466 पर बने आवासों के कुछ स्वामियों ने सड़क की भूमि पर कथित रूप से कब्जा कर लिया है।
शिकायत में मुलायम सिंह, गीता देवी, धनपाल, हरपाल, सोनपाल और पप्पू आदि पर सड़क की भूमि पर कब्जा कर आवागमन में बाधा उत्पन्न करने का आरोप लगाया गया है।
ग्रामीणों का कहना है कि सरकार द्वारा राजकीय पॉलिटेक्निक कॉलेज जाने वाली सड़क का निर्माण पीडब्ल्यूडी के ठेकेदार द्वारा कराया जा रहा है, लेकिन सड़क की चौड़ाई मात्र 3.75 मीटर रखी जा रही है। ग्रामीणों के अनुसार, उक्त मार्ग की कुल चौड़ाई करीब 18 मीटर है। उन्होंने सड़क की भूमि को कब्जामुक्त कराकर मार्ग का चौड़ीकरण कराने और सड़क निर्माण कार्य पूरा कराने की मांग की है, ताकि ग्रामीणों के ट्रैक्टर-ट्रॉली व अन्य वाहनों तथा राजकीय पॉलिटेक्निक कॉलेज के छात्र-छात्राओं का आवागमन सुगम हो सके।
इस संबंध में कुंवर सेन गंगवार, पंकज गुप्ता, रामप्रकाश, नरेश पाल, महेंद्र प्रसाद, प्रशांत कुमार, सत्यपाल, राकेश कुमार, सूरजपाल और अयोध्या प्रसाद समेत अन्य ग्रामीणों ने जिलाधिकारी व पीडब्ल्यूडी विभाग को लिखित शिकायत भेजकर सड़क को कब्जामुक्त कराने, चौड़ीकरण कराने तथा निर्माण कार्य पूरा कराने की मांग की है।
इधर, अवर अभियंता ओंकार सिंह ने बताया कि 3.75 मीटर चौड़ी सड़क का निर्माण कराया जा रहा है। इसके बाद सड़क के किनारे सोल्डर का कार्य कराया जाएगा। सड़क पर अतिक्रमण करने वालों को नोटिस दिया जाएगा।
