संवाददाता: प्रिंस गुप्ता भदोही
भदोही। लगातार हो रही मूसलाधार बारिश और खराब मौसम को देखते हुए जिला प्रशासन ने विद्यार्थियों की सुरक्षा के मद्देनज़र बड़ा फैसला लिया है। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी शिवम पांडेय ने गुरुवार, 6 अगस्त 2026 को जिले के कक्षा 1 से 8 तक के सभी विद्यालयों में अवकाश घोषित कर दिया है।

जारी आदेश के अनुसार, बेसिक शिक्षा परिषद, सीबीएसई, आईसीएसई तथा अन्य मान्यता प्राप्त सभी विद्यालयों में कक्षा 1 से 8 तक की पढ़ाई आज पूरी तरह बंद रहेगी। हालांकि, सभी विद्यालयों के अध्यापक एवं शिक्षणेत्तर कर्मचारी निर्धारित समय पर विद्यालय पहुंचकर अपने दायित्वों का निर्वहन करेंगे।
बीएसए शिवम पांडेय ने बताया कि जिले में लगातार हो रही बारिश के कारण कई स्थानों पर जलभराव और आवागमन प्रभावित होने की आशंका है। ऐसे में बच्चों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए यह निर्णय लिया गया है।
उन्होंने अभिभावकों से अपील की है कि वे मौसम सामान्य होने तक बच्चों को अनावश्यक रूप से घर से बाहर न निकलने दें। जिला प्रशासन ने कहा है कि मौसम की स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है और आवश्यकता पड़ने पर आगे भी उचित निर्णय लिए जाएंगे।
