श्रावण, कांवड़ यात्रा व अन्य धार्मिक आयोजनों की सुरक्षा पर विशेष फोकस, गो-तस्करी और साइबर अपराध के खिलाफ ‘ज़ीरो टॉलरेंस’ नीति लागू करने के निर्देश
वाराणसी। वाराणसी जोन के नव नियुक्त अपर पुलिस महानिदेशक (ADG) नवीन अरोरा (IPS) ने बुधवार को विधिवत कार्यभार ग्रहण कर लिया। पदभार संभालने के तुरंत बाद उन्होंने जोन के वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक कर कानून-व्यवस्था, अपराध नियंत्रण और आगामी धार्मिक आयोजनों की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर महत्वपूर्ण दिशा-निर्देश जारी किए।

बैठक में आगामी श्रावण मास, कांवड़ यात्रा, चेहल्लुम और बारावफात जैसे महत्वपूर्ण आयोजनों को शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए व्यापक रणनीति पर चर्चा की गई। ADG ने अधिकारियों को संवेदनशील क्षेत्रों में अतिरिक्त सतर्कता बरतने, प्रभावी पुलिस गश्त बढ़ाने तथा सुरक्षा व्यवस्था को पूरी तरह चाक-चौबंद रखने के निर्देश दिए।
नवीन अरोरा ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि गो-तस्करी, साइबर अपराध, माफिया गतिविधियों तथा अन्य संगठित अपराधों के प्रति पुलिस की नीति पूरी तरह ‘ज़ीरो टॉलरेंस’ रहेगी। उन्होंने अपराधियों के विरुद्ध त्वरित, निष्पक्ष और कठोर कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश देते हुए कहा कि कानून का उल्लंघन करने वालों के साथ किसी भी प्रकार की नरमी नहीं बरती जाएगी।
उन्होंने अधिकारियों को जनसुनवाई को प्राथमिकता देने, महिलाओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने तथा आमजन एवं पेंशनरों की शिकायतों का समयबद्ध और संवेदनशील तरीके से निस्तारण करने पर विशेष बल दिया। ADG ने कहा कि पुलिस की सबसे बड़ी ताकत जनता का विश्वास है और इसे मजबूत बनाए रखने के लिए प्रत्येक अधिकारी को पूरी ईमानदारी, पारदर्शिता और जवाबदेही के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करना होगा।
कार्यभार ग्रहण करने के साथ ही ADG नवीन अरोरा के सख्त तेवरों और स्पष्ट संदेश से यह संकेत मिल गया है कि वाराणसी जोन में कानून-व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने तथा अपराधियों के खिलाफ निर्णायक अभियान चलाया जाएगा।
