भदोही में आयोजित जागरूकता बैठक में निर्यात ऋण बीमा, जोखिम प्रबंधन पर चर्चा
भदोही। एक्सपोर्ट क्रेडिट गारंटी कॉर्पोरेशन ऑफ इंडिया लिमिटेड (ECGC) की वाराणसी शाखा द्वारा मंगलवार को मर्यादपट्टी स्थित ऑल इंडिया कार्पेट मैन्युफैक्चरर्स एसोसिएशन (एक्मा) सभागार में कालीन निर्यातकों के लिए जागरूकता एवं संवाद बैठक आयोजित की गई। बैठक में ECGC की विभिन्न बीमा योजनाओं, निर्यात ऋण सुरक्षा तथा विदेशी व्यापार में संभावित जोखिमों से बचाव के उपायों की विस्तार से जानकारी दी गई।

कार्यक्रम में ECGC के जनरल मैनेजर आर.के. पांडियन ने कहा कि निगम की योजनाएं निर्यातकों को वैश्विक व्यापार में आने वाले जोखिमों से सुरक्षा प्रदान कर उनके कारोबार को मजबूत बनाती हैं।

डीजीएम एवं रीजनल मैनेजर पी.पी. बनर्जी ने कहा कि ECGC का उद्देश्य निर्यातकों को हरसंभव सहयोग देना है। उन्होंने बताया कि वाणिज्यिक और राजनीतिक जोखिमों से सुरक्षा देकर निर्यातकों का विश्वास बढ़ाया जाता है।
वहीं वाराणसी शाखा प्रबंधक मुरलीधर महतो ने बताया कि ECGC बीमा लेने वाले निर्यातकों को विदेशों में डिफॉल्ट करने वाले खरीदारों की जानकारी भी उपलब्ध कराता है, जिससे वे सुरक्षित व्यापारिक निर्णय ले सकें।
एक्मा के अध्यक्ष उमेश गुप्ता (मुन्ना) ने कहा कि भदोही का कालीन उद्योग देश की पहचान है और इसे वैश्विक बाजार में और अधिक मजबूत बनाने के लिए ECGC और निर्यातकों के बीच बेहतर समन्वय, संवाद और जागरूकता बेहद जरूरी है। उन्होंने कहा कि ऐसी बैठकों से निर्यातकों को नई योजनाओं की जानकारी मिलती है, उनका आत्मविश्वास बढ़ता है और वे बिना जोखिम के नए विदेशी बाजारों तक पहुंचने के लिए प्रेरित होते हैं। उन्होंने ECGC से भविष्य में भी निर्यातकों के हित में इसी प्रकार मार्गदर्शन और सहयोग जारी रखने की अपेक्षा जताई।
उपाध्यक्ष शमीम अंसारी ने कहा कि ECGC निर्यातकों को सुरक्षा प्रदान कर नए उद्यमियों को भी निर्यात के लिए प्रोत्साहित करता है।
मानद सचिव अजीम अंसारी (बाबी) ने अतिथियों का स्वागत करते हुए अधिक से अधिक निर्यातकों से ECGC की योजनाओं का लाभ उठाने की अपील की।
कोषाध्यक्ष जयप्रकाश गुप्ता तथा संयुक्त सचिव शाहिद अंसारी भी उपस्थित रहे।
बैठक में निर्यातकों की समस्याओं और सुझावों पर विस्तार से चर्चा की गई। अधिकारियों ने भरोसा दिलाया कि ECGC निर्यातकों के हितों की रक्षा और उनके व्यापार को सुरक्षित बनाने के लिए निरंतर सहयोग करता रहेगा।
कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण तब रहा, जब ECGC ने भदोही की आर.एस. होम फर्म के शाहिद अहमद को 50 लाख रुपये का क्लेम चेक सौंपा। उपस्थित निर्यातकों ने इसे उद्योग के लिए भरोसा बढ़ाने वाला कदम बताते हुए ECGC की सराहना की।
कार्यक्रम का संचालन शुभम द्विवेदी ने किया। बैठक में राजू बोथरा, अरशद वजीरी, अशफाक अंसारी, आलोक कुमार बरनवाल, अमित मौर्य, सादिक अंसारी, राजीव गुप्ता सहित बड़ी संख्या में कालीन निर्यातक, बैंक अधिकारी एवं उद्योग से जुड़े प्रतिनिधि मौजूद रहे।
