QR कोड और RFID चिप से होगी कालीन की पहचान, 50 से 100 प्रतिशत तक ऊन की मात्रा की मिलेगी तकनीकी जानकारी
संवाददाता: प्रिंस गुप्ता, भदोही
भदोही। कारपेट सिटी स्थित कारपेट मेगा मार्ट में सोमवार, 5 अक्टूबर 2026 को दोपहर 12 बजे आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में ‘वूलेन कालीन मार्क’ के बारे में जानकारी दी गई। भारतीय कालीन प्रौद्योगिकी संस्थान (आईआईसीटी), भदोही की ओर से तैयार किए गए इस कालीन मार्क का उद्देश्य ऊन और ऊन मिश्रित कालीनों की गुणवत्ता को प्रमाणित कर उपभोक्ताओं और खरीदारों तक उसकी सही तकनीकी जानकारी पहुंचाना है।
केंद्रीय ऊन विकास बोर्ड, जोधपुर के कार्यकारी निदेशक गोपाल सिंह भाटी ने बताया कि वस्त्र मंत्रालय, भारत सरकार के अधीन केंद्रीय ऊन विकास बोर्ड द्वारा प्रायोजित परियोजना के तहत ‘वूलेन कालीन मार्क’ विकसित किया गया है।
यह कालीन में इस्तेमाल ऊन की मात्रा की पहचान कर उसे 80 से 100 प्रतिशत तथा 50 से 79 प्रतिशत की श्रेणी में वर्गीकृत करने में सक्षम है।
परियोजना की प्रमुख अन्वेषक एवं आईआईसीटी भदोही में कार्यरत डॉ. बेट्टी दासगुप्ता ने बताया कि कालीन मार्क में विभिन्न गुणवत्ता मानकों के परीक्षण के बाद उनकी जानकारी दर्ज करने की व्यवस्था की गई है। इसमें QR कोड और RFID चिप लगी होगी। QR कोड स्कैन करने पर कालीन की सही पहचान के साथ उससे जुड़ी तकनीकी जानकारी तत्काल प्राप्त की जा सकेगी। वहीं RFID चिप लेबल के दुरुपयोग को रोकने में मदद करेगी।
निर्माता से उपभोक्ता तक मिलेगी जानकारी
कालीन मार्क को कालीन के नमूने पर आसानी से लगाया जा सकता है। इसमें इस्तेमाल कच्चे माल, निर्माण की विधि, गुणवत्ता और कालीन की देखभाल से जुड़ी जानकारी उपलब्ध होगी। इससे निर्माता से लेकर उपभोक्ता तक पूरी सप्लाई चेन में उत्पाद की तकनीकी जानकारी पारदर्शी तरीके से उपलब्ध हो सकेगी।
WKM पोर्टल पर पंजीकरण जरूरी
कालीन मार्क प्राप्त करने के लिए कालीन निर्माता को पहले WKM पोर्टल पर पंजीकरण कराना होगा।
इसके बाद कालीन का नमूना जमा किया जाएगा। नमूने में इस्तेमाल ऊन की मात्रा और अन्य तकनीकी मानकों की जांच की जाएगी। परीक्षण के बाद प्राप्त जानकारी को QR कोड और RFID चिप के माध्यम से लेबल में दर्ज किया जाएगा।
आईआईसीटी भदोही के निदेशक डॉ. राजीव कुमार वार्ष्णेय ने बताया कि शुरुआती चरण में कालीन मार्क को लोकप्रिय बनाने के लिए इसकी कीमत लागत मूल्य के बराबर रखी गई है। उन्होंने कहा कि इस लेबल को विकसित करने की प्रक्रिया में कालीन निर्यातकों से मिले सुझाव और सहयोग महत्वपूर्ण रहे हैं। उम्मीद है कि आने वाले समय में निर्माता और निर्यातक भी इसे अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने में सहयोग करेंगे।
उन्होंने कहा कि यह कालीन मार्क अंतरराष्ट्रीय बाजार में भारतीय कालीनों की गुणवत्ता, प्रामाणिकता और निर्माण प्रक्रिया में पारदर्शिता का परिचायक बन सकता है।
प्रेस कॉन्फ्रेंस में आईआईसीटी
भदोही से डॉ. एसके पाल, डॉ. आरके मलिक, डॉ. अनु मिश्रा, डॉ. रवि कुमार गुप्ता और दर्पण सिंह तथा केंद्रीय ऊन विकास बोर्ड, जोधपुर से अनुराग पुरोहित सहित अन्य लोग मौजूद रहे।
