यात्रा मार्गों पर सड़क, प्रकाश, पेयजल, स्वच्छता एवं विद्युत सुरक्षा के कार्य युद्धस्तर पर जारी, लापरवाही पर होगी कठोर कार्रवाई
एटा। पवित्र श्रावण मास में आयोजित होने वाली कांवड़ यात्रा-2026 को सकुशल, सुरक्षित एवं सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से जिला प्रशासन ने तैयारियों में तेजी ला दी है। जिलाधिकारी अरविन्द सिंह के निर्देशन में सभी संबंधित विभाग अपने-अपने दायित्वों के अनुरूप यात्रा मार्गों पर आवश्यक व्यवस्थाएं युद्धस्तर पर सुनिश्चित करने में जुटे हैं।

प्रशासन का लक्ष्य कांवड़ियों को निर्बाध, सुरक्षित एवं सुविधाजनक यात्रा उपलब्ध कराना है।जिलाधिकारी अरविन्द सिंह स्वयं कांवड़ यात्रा मार्गों का स्थलीय निरीक्षण कर कार्यों की प्रगति का जायजा ले रहे हैं। निरीक्षण के दौरान उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी कार्य निर्धारित समयसीमा के भीतर गुणवत्ता के साथ पूर्ण किए जाएं तथा श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधा से जुड़ी किसी भी व्यवस्था में शिथिलता न बरती जाए।लोक निर्माण विभाग द्वारा यात्रा मार्गों पर सड़क मरम्मत, गड्ढों का भराव, पेचवर्क, सड़क पटरी की साफ-सफाई तथा झाड़ियों की कटाई का कार्य तेजी से कराया जा रहा है।
वहीं नगर निकायों को मार्गों पर समुचित प्रकाश व्यवस्था, स्वच्छ पेयजल, मोबाइल शौचालय, जल निकासी एवं नियमित साफ-सफाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।विद्युत विभाग भी सुरक्षा व्यवस्था को लेकर विशेष सतर्कता बरत रहा है। यात्रा मार्गों पर स्थित विद्युत पोलों को पॉलीथीन से रैप कराया जा रहा है तथा ट्रांसफार्मरों के चारों ओर सुरक्षा जाली लगाकर उन्हें भी सुरक्षित ढकवाया जा रहा है। साथ ही झूलते तारों, क्षतिग्रस्त विद्युत उपकरणों एवं अन्य संभावित जोखिमों को दूर करने का कार्य निरंतर जारी है, जिससे किसी भी प्रकार की विद्युत दुर्घटना की संभावना समाप्त की जा सके।
जिलाधिकारी ने स्पष्ट कहा कि कांवड़ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा एवं सुविधा जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए प्रत्येक व्यवस्था को समयबद्ध रूप से पूर्ण करें। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि किसी स्तर पर लापरवाही, शिथिलता अथवा दायित्वों के निर्वहन में उदासीनता पाई गई तो संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी के विरुद्ध कठोर विभागीय कार्रवाई की जाएगी।उन्होंने कहा कि प्रशासन का उद्देश्य कांवड़ यात्रा-2026 को शांतिपूर्ण, सुरक्षित, सुव्यवस्थित एवं श्रद्धामय वातावरण में संपन्न कराना है। इसके लिए प्रत्येक विभाग को जिम्मेदारी के साथ कार्य करने तथा यात्रा मार्गों पर सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय रहते पूर्ण करने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि जनपद से होकर गुजरने वाले लाखों शिवभक्तों को निर्बाध एवं सुरक्षित यात्रा का अनुभव प्राप्त हो सके।
