भदोही। अखिल भारतीय वैश्य हलवाई महासभा (पंजी.) की ओर से रविवार को औराई रोड स्थित सेलिब्रेशन पैलेस में राष्ट्रीय कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें देश के विभिन्न प्रदेशों और क्षेत्रों से आए महासभा के पदाधिकारियों, प्रतिनिधियों और समाजसेवियों ने भाग लिया। कार्यक्रम में समाज की एकता, शिक्षा, रोजगार, स्वास्थ्य और राजनीतिक भागीदारी को लेकर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि सेवानिवृत्त न्यायाधीश अंगद गुप्ता (बस्ती) रहे। महासभा के मुख्य संरक्षक बेचूलाल गुप्ता, राष्ट्रीय अध्यक्ष ओमप्रकाश गुप्ता, कार्यकारी अध्यक्ष डॉ. प्यारे लाल गुप्ता, कोषाध्यक्ष हनुमान प्रसाद गुप्ता और राष्ट्रीय महामंत्री डॉ. अनिल गुप्ता सहित विभिन्न प्रदेशों से आए पदाधिकारी मौजूद रहे।

कार्यक्रम का शुभारंभ गणेश पूजा और दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। इसके बाद पूजा-अर्चना, अतिथियों एवं वयोवृद्ध समाजसेवियों की ओर से वृक्षारोपण तथा नि:शुल्क नेत्र एवं मेडिकल जांच शिविर का आयोजन किया गया। इस दौरान समाज के वरिष्ठ एवं वयोवृद्ध लोगों को ‘वैश्य हलवाई गौरव शिरोमणि सम्मान’ से सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम में महासभा की स्मारिका ‘शताब्दी प्रवाह’ के अंतरराष्ट्रीय चतुर्थ प्रकाशन एवं विशेषांक पर भी चर्चा हुई। सांस्कृतिक कार्यक्रम के बाद समाज के विभिन्न घटकों और संगठनों के बीच आपसी सामंजस्य बढ़ाने, सामाजिक एकता मजबूत करने तथा राजनीतिक भागीदारी बढ़ाने को लेकर परिचर्चा हुई।
युवाओं को शिक्षा और रोजगार से जोड़ने पर जोर
वक्ताओं ने कहा कि समाज के विकास के लिए युवाओं को बेहतर शिक्षा और रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने के साथ सामाजिक एवं राजनीतिक क्षेत्र में उनकी भागीदारी बढ़ाना जरूरी है। बच्चों की शिक्षा, स्वास्थ्य, उच्च शिक्षा, महिला सशक्तीकरण, पारिवारिक एकता और प्रतिभावान युवाओं को आगे बढ़ाने सहित कई विषयों पर सुझाव दिए गए।
जयशंकर प्रसाद के साहित्यिक योगदान को किया याद
कार्यक्रम के दौरान महाकवि जयशंकर प्रसाद के जीवन और साहित्यिक योगदान का भी उल्लेख किया गया। वक्ताओं ने उनकी साहित्यिक उपलब्धियों और हिंदी साहित्य में उनके योगदान की जानकारी देते हुए कहा कि समाज की प्रतिभाओं और महापुरुषों के योगदान को नई पीढ़ी तक पहुंचाना जरूरी है। हालांकि, जयशंकर प्रसाद को हलवाई समाज से जोड़ने की बात कार्यक्रम में वक्ताओं की ओर से कही गई।
आयोजकों ने कहा कि समाज की एकजुटता, आपसी सहयोग और युवाओं की सक्रिय भागीदारी से सामाजिक एवं आर्थिक विकास को नई दिशा दी जा सकती है। कार्यक्रम का समापन अतिथियों और प्रतिनिधियों के प्रति आभार व्यक्त करने के साथ हुआ।
कार्यक्रम में धर्मराज गुप्ता, ओम प्रकाश गुप्ता, सुधीर कुमार गुप्ता, पंकज गुप्ता, राजीव गुप्ता, विनय गुप्ता, प्रदीप कुमार गुप्ता, दिनेश कुमार मोदनवाल, रमेश कुमार मोदनवाल, सुभाष चंद्र मोदनवाल, सतीश चंद्र मोदनवाल, अभिषेक मोदनवाल, विनोद कुमार मोदनवाल, राजीव मोदनवाल, जीत बहादुर मोदनवाल, विवेक गुप्ता, माधुरी गुप्ता, श्रीमती रेखा मोदनवाल और दिनेश कुमार गुप्ता समेत बड़ी संख्या में समाज के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
