रिपोर्ट –अरविन्द कुमार
कांवड़ यात्रा की सफलता पर समाजसेवियों और जनपदवासियों का जताया आभार, स्वच्छता और राष्ट्रभक्ति पर रहेगा विशेष फोकस
सहारनपुर, 12 अगस्त। स्वतंत्रता दिवस को भव्य, गरिमामय और पारंपरिक तरीके से मनाने के लिए जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। जिलाधिकारी अरविंद कुमार चौहान की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित बैठक में 13 से 15 अगस्त तक चलने वाले ‘हर घर तिरंगा’ अभियान को पूरी शान और ध्वज संहिता के अनुरूप आयोजित करने के निर्देश दिए गए।

बैठक में जिलाधिकारी ने स्पष्ट कहा कि प्रत्येक नागरिक अपने घर, विद्यालय, सरकारी कार्यालय और प्रतिष्ठानों पर राष्ट्रीय ध्वज सम्मानपूर्वक फहराए। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि फटा, कटा या आधा झुका हुआ तिरंगा किसी भी परिस्थिति में नहीं लगाया जाना चाहिए।
स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर प्रभात फेरी, ध्वजारोहण, महापुरुषों की प्रतिमाओं पर माल्यार्पण, फल वितरण, रूट मार्च और सांस्कृतिक कार्यक्रमों सहित विभिन्न आयोजन किए जाएंगे। गांधी पार्क, घंटाघर चौक, देहरादून चौक, चौधरी चरण सिंह चौक और जनकपुरी चौक सहित विभिन्न स्थानों पर महापुरुषों को श्रद्धांजलि अर्पित की जाएगी।
जिलाधिकारी ने नगर निगम और पंचायती राज विभाग को पूरे जनपद में विशेष स्वच्छता अभियान चलाने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता दिवस के दौरान शहर और ग्रामीण क्षेत्रों में साफ-सफाई की बेहतर व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।
बैठक में खेल गतिविधियों को भी विशेष महत्व दिया गया। जिलाधिकारी ने क्षेत्रीय क्रीड़ा अधिकारी को निर्देश दिए कि क्रॉस कंट्री दौड़ के प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागियों को प्रोत्साहन राशि और पुरस्कार देकर सम्मानित किया जाए। इस दौरान जिलाधिकारी ने हाल ही में संपन्न हुई कांवड़ यात्रा की सफलता पर समाजसेवियों, स्वयंसेवी संगठनों और जनपदवासियों का आभार व्यक्त किया।
उन्होंने कहा कि सभी के सहयोग और प्रशासन की बेहतर रणनीति के कारण कांवड़ यात्रा शांतिपूर्ण और सुरक्षित तरीके से संपन्न हुई। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी सुमित राजेश महाजन, अपर जिलाधिकारी प्रशासन संतोष बहादुर सिंह, अपर नगर आयुक्त प्रदीप कुमार, सिविल डिफेंस के चीफ वार्डन राजेश जैन सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी और समाज के गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
