गोरखपुर। रामगढ़ताल थाना क्षेत्र की एक विवाहिता ने अपने पति और ससुराल पक्ष के लोगों पर हनीमून के दौरान मारपीट, गला दबाने की कोशिश तथा बाद में उत्पीड़न करने का आरोप लगाया है। पीड़िता की तहरीर पर पुलिस ने दिल्ली निवासी पति समेत ससुरालियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

महिला के अनुसार, विवाह के बाद वह पति के साथ हनीमून पर अंडमान गई थी। वहां मासिक धर्म आने पर पति कथित रूप से नाराज हो गया और उसके साथ मारपीट की। पीड़िता ने आरोप लगाया कि पति ने गला दबाने का भी प्रयास किया। महिला का कहना है कि होटल कर्मचारियों के हस्तक्षेप से उसे बचाया गया।
पीड़िता के मुताबिक, घटना के बाद भी उसे मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित किया गया। उसने पुलिस से सुरक्षा और कार्रवाई की मांग की है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है तथा आरोपों की जांच की जा रही है। जांच के बाद आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।
