
लेखराज कौशल (जिला प्रभारी )
हापुड़ । जनपद हापुड़ के सिंभावली क्षेत्र स्थित बक्सर के सरकारी अस्पताल में पिछले करीब दस दिनों के दौरान पांच बच्चों और एक महिला की मौत का मामला सामने आने से हड़कंप मच गया है। सरकारी अस्पताल में लगातार हुई इन मौतों के बाद स्वास्थ्य विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठने लगे हैं।बताया जा रहा है कि करीब दस दिनों के भीतर अस्पताल में पांच बच्चों और एक महिला की मौत हुई। आरोप है कि मामले की जानकारी होने के बावजूद अस्पताल के कर्मचारियों ने इसे दबाए रखा।
परिजनों की ओर से शिकायत किए जाने के बाद मामला सामने आया, जिसके बाद स्वास्थ्य विभाग में भी हलचल बढ़ गई।परिजनों की शिकायत के बाद जिला स्तर से मामले की जांच के लिए जांच टीम गठित की गई है। स्वास्थ्य विभाग की कार्यप्रणाली में लापरवाही के आरोपों की जांच की जा रही है। जांच टीम अस्पताल में हुई मौतों से जुड़े विभिन्न पहलुओं की पड़ताल करेगी।मामले में लापरवाही के आरोपों के चलते एक स्टाफ नर्स को हटाए जाने की बात सामने आई है।
जांच टीम अस्पताल में मरीजों के इलाज की प्रक्रिया, मौतों से जुड़े तथ्यों और लगाए गए लापरवाही के आरोपों की जांच करेगी।जांच पूरी होने के बाद ही मौतों के वास्तविक कारण और किसी कर्मचारी की जिम्मेदारी के संबंध में स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। फिलहाल मामला सिंभावली क्षेत्र के PHC बक्सर से जुड़ा बताया जा रहा है।
थाना प्रभारी निरीक्षक सुरेश कुमार ने बताया कि PHC बक्सर में हुई मौतों के संबंध में स्वास्थ्य विभाग द्वारा जांच की जा रही है। मामले से संबंधित तथ्यों की जानकारी जुटाई जा रही है। जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
