महाराजा अग्रसेन जी की 5150वीं जयंती पर अग्रवाल युवा संगठन ने दिया सामाजिक एकता, सेवा, समरसता और भाईचारे का संदेश
आगरा। भगवान श्री महाराजा अग्रसेन जी की 5150वीं जयंती के पावन अवसर पर मदिया कटरा स्थित महाराजा अग्रसेन जी की प्रतिमा के समक्ष अग्रवाल युवा संगठन (रजि.), आगरा की ओर से 1100 दीप प्रज्ज्वलित कर भव्य महाआरती का आयोजन किया गया। सैकड़ों दीपों की जगमगाहट और भक्तिमय वातावरण के बीच आयोजित कार्यक्रम में श्रद्धालुओं ने महाराजा अग्रसेन जी के जयकारे लगाकर श्रद्धा व्यक्त की।
महाआरती के दौरान पूरा परिसर दीपों की रोशनी से जगमगा उठा। उपस्थित अग्रबंधुओं ने भगवान श्री महाराजा अग्रसेन जी के आदर्शों को स्मरण करते हुए समाज में एकता, भाईचारे, सेवा और सहयोग की भावना को मजबूत बनाने का संकल्प लिया। आयोजन के माध्यम से समाज को महाराजा अग्रसेन जी के सिद्धांतों पर चलने और सामाजिक सद्भाव को बढ़ावा देने का संदेश दिया गया।
कार्यक्रम में अग्रवाल युवा संगठन के अध्यक्ष राकेश अग्रवाल, कोषाध्यक्ष जितेंद्र अग्रवाल, कार्यक्रम संयोजक ऋषभ अग्रवाल, वरिष्ठ पदाधिकारी विनय अग्रवाल, नितेश अग्रवाल, शीतल अग्रवाल, अंबुज अग्रवाल, अरुण अग्रवाल, अंशुल अग्रवाल, संदीप अग्रवाल और मयंक अग्रवाल सहित संगठन के पदाधिकारी एवं सदस्य मौजूद रहे।
आयोजकों ने कहा कि भगवान श्री महाराजा अग्रसेन जी के आदर्श आज भी समाज को एकता, समानता, सेवा और परस्पर सहयोग की प्रेरणा देते हैं। ऐसे धार्मिक एवं सामाजिक आयोजनों से नई पीढ़ी को महापुरुषों के विचारों से जोड़ने और समाज में सकारात्मक संदेश पहुंचाने का अवसर मिलता है।
जय श्री महाराजा अग्रसेन जी!
