3 आरोपी गिरफ्तार; लूटा गया मोबाइल और बाइक बरामद…..

आगरा। थाना सदर बाजार पुलिस ने मोबाइल छिनैती की घटना का मात्र 12 घंटे में खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से छीना गया मोबाइल फोन और वारदात में प्रयुक्त टीवीएस अपाचे मोटरसाइकिल बरामद की है।
पुलिस के अनुसार 19 जुलाई को ईदगाह चौराहे पर ऑटो चालक सवारी उतारने के बाद अपने मोबाइल पर बात कर रहा था। इसी दौरान बाइक सवार तीन युवकों ने उसके हाथ से मोबाइल छीन लिया और फरार हो गए। पीड़ित की तहरीर पर थाना सदर बाजार में मुकदमा दर्ज कर पुलिस टीम गठित की गई।
मुखबिर की सूचना पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने 20 जुलाई को अंशु कुमार, कृष कुमार और प्रिंस को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के बाद उनके कब्जे से घटना से संबंधित मोबाइल फोन और वारदात में इस्तेमाल की गई बाइक बरामद की गई।
गिरफ्तार आरोपियों में अंशु कुमार निवासी जीवनी मंडी (थाना छत्ता), कृष कुमार निवासी जीवनी मंडी (थाना छत्ता) और प्रिंस निवासी गढ़ी भदौरिया (थाना जगदीशपुरा) शामिल हैं। आरोपियों के विरुद्ध सदर बाजार थाने में संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज है।
इस कार्रवाई को प्रभारी निरीक्षक विजय विक्रम सिंह के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम ने अंजाम दिया। पुलिस का कहना है कि आरोपियों के आपराधिक इतिहास की भी जांच की जा रही है।
आगरा से नरेश कुमार की रिपोर्ट
