आगरा से जिला ब्यूरो चीफ नरेश कुमार की रिपोर्ट
महिला के गले से सोने की चेन झपटकर हुए थे फरार, स्कूटी समेत चेन, मोबाइल और नकदी बरामद….
आगरा। थाना रकाबगंज पुलिस ने ई-रिक्शा में बैठी महिला के गले से सोने की चेन झपटने की घटना का 24 घंटे के भीतर सफल अनावरण करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से घटना में प्रयुक्त इलेक्ट्रिक स्कूटी, करीब छह ग्राम वजन की पीली धातु की चेन, मोबाइल फोन और 270 रुपये बरामद किए हैं।

पुलिस के मुताबिक, कानपुर नगर निवासी व्यक्ति ने 1 सितंबर को थाना रकाबगंज में तहरीर दी थी कि 29 अगस्त को वह अपनी पत्नी के साथ ई-रिक्शा से बालूगंज क्षेत्र से गुजर रहा था। इसी दौरान पीछे से स्कूटी पर आए दो युवकों ने उसकी पत्नी के गले से सोने की चेन झपट ली और फरार हो गए। मामले में थाना रकाबगंज पर मुकदमा दर्ज किया गया था।
घटना के खुलासे के लिए पुलिस टीम ने घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान की गई। इसके बाद मुखबिर की सूचना पर 1/2 सितंबर की रात एमटी आवास रोड के किनारे से रनजीत कुमार और असद खान को गिरफ्तार कर लिया गया।
पूछताछ में दोनों आरोपियों ने पुलिस को बताया कि 29 अगस्त को उन्होंने बालूगंज क्षेत्र में ई-रिक्शा में बैठी महिला के गले से चेन छीनी थी और वारदात में बरामद इलेक्ट्रिक स्कूटी का इस्तेमाल किया था।
गिरफ्तार आरोपी रनजीत कुमार पुत्र खेमराज, बुद्ध विहार चक्कीपाट, थाना रकाबगंज और असद खान पुत्र निजाकत, तलैया यती की बगीची, थाना सदर बाजार, आगरा के निवासी हैं।
कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम में थानाध्यक्ष योगेश कुमार, चौकी प्रभारी बालूगंज उपनिरीक्षक श्याम सुंदर, उपनिरीक्षक अरुण कुमार, उपनिरीक्षक वरुण कुमार और कांस्टेबल हेमंत चौधरी शामिल रहे।
