18 NCRP शिकायतों से जुड़ा मिला गिरोह, फर्जी निवेश और टास्क के नाम पर करते थे ऑनलाइन ठगी
संवाददाता: प्रिंस गुप्ता
मंडल प्रभारी पुलिस दर्पण
भदोही। साइबर अपराध के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में भदोही पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने करीब 50 लाख रुपये की साइबर ठगी से जुड़े गिरोह का पर्दाफाश करते हुए पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मो. इरफान निवासी पचभैया, अमन निवासी गौरियाना, गुफरान निवासी कटरा बाजार, समीर अंसारी निवासी जमुन्द और सैदान अंसारी निवासी नूरेइस्लामपुर के रूप में हुई है।

पुलिस जांच में सामने आया कि गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ अलग-अलग राज्यों से 18 NCRP शिकायतें दर्ज हैं। आरोप है कि गिरोह के सदस्य व्हाट्सऐप और टेलीग्राम के जरिए लोगों से संपर्क कर फर्जी निवेश, शेयर मार्केट में मुनाफे और ऑनलाइन टास्क के जरिए कमाई का झांसा देते थे। इसके बाद पीड़ितों से रकम विभिन्न बैंक खातों में ट्रांसफर कराई जाती थी।
पुलिस के अनुसार ठगी की रकम को म्यूल बैंक खातों में मंगाने के बाद एटीएम, यूपीआई और अन्य बैंकिंग माध्यमों से निकाला जाता था। इस तरह आरोपी साइबर ठगी से प्राप्त रकम को अलग-अलग माध्यमों से खपाने का काम करते थे।
यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक अभिनव त्यागी के निर्देशन तथा अपर पुलिस अधीक्षक शुभम अग्रवाल के पर्यवेक्षण में चलाए जा रहे ‘साइबर वज्र’ अभियान के तहत की गई। पुलिस ने बताया कि गिरोह से जुड़े तीन अन्य आरोपियों की तलाश जारी है। साथ ही पुलिस पूरे नेटवर्क और ठगी की रकम के लेन-देन की जांच कर रही है।
पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि किसी भी अनजान व्यक्ति के कहने पर निवेश, ऑनलाइन टास्क, शेयर मार्केट में मुनाफे या घर बैठे कमाई के नाम पर पैसा न भेजें। अनजान लिंक और APK फाइल डाउनलोड करने से भी बचें। साइबर ठगी होने पर तत्काल संबंधित साइबर हेल्पलाइन या पुलिस को सूचना दें।
