आगरा से नरेश कुमार की रिपोर्ट
492 पेटी में 12,108 बोतल अवैध अंग्रेजी शराब बरामद, पंजाब से गोरखपुर जा रही थी खेप; दो तस्कर गिरफ्तार……
आगरा। मलपुरा पुलिस ने अंतरराज्यीय शराब तस्करी के बड़े नेटवर्क का पर्दाफाश करते हुए स्क्रैप से भरे एक ट्रक से करीब 60 लाख रुपये की अवैध अंग्रेजी शराब बरामद की है। ट्रक में ऊपर स्क्रैप लादा गया था, जबकि उसके नीचे 492 पेटियों में 12,108 बोतल अंग्रेजी शराब छिपाकर पंजाब से गोरखपुर भेजी जा रही थी।

पुलिस ने कार्रवाई के दौरान ट्रक समेत दो तस्करों को गिरफ्तार कर लिया। उनके कब्जे से दो मोबाइल फोन और 4,200 रुपये नकद भी बरामद हुए हैं। पूछताछ में सामने आया है कि शराब की खेप पंजाब के जिरकपुर से रवाना हुई थी और गोरखपुर पहुंचने पर फोन के जरिए डिलीवरी का निर्देश दिया जाना था।
पुलिस के मुताबिक, तस्कर लंबे समय से स्क्रैप की आड़ में अवैध शराब की सप्लाई कर रहे थे। पूछताछ में शराब माफिया के नेटवर्क और उसके कथित सरगना राहुल का नाम सामने आया है, जिसकी तलाश तेज कर दी गई है। पुलिस पूरे सिंडिकेट के तार खंगाल रही है और यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि खेप किन लोगों तक पहुंचाई जानी थी।
मलपुरा पुलिस की इस कार्रवाई से अंतरराज्यीय शराब तस्करों में हड़कंप मच गया है। कमिश्नरेट पुलिस का कहना है कि अवैध शराब तस्करी के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।
