एटा/अलीगंज। आगामी कांवड़ यात्रा को सकुशल, सुरक्षित एवं सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से प्रशासन ने तैयारियों को अंतिम रूप देना प्रारंभ कर दिया है। इसी क्रम में मंगलवार को उपजिलाधिकारी जगमोहन गुप्ता ने अलीगंज विकासखंड क्षेत्र से फर्रुखाबाद जनपद के कायमगंज सीमा तक कांवड़ यात्रा मार्ग का स्थलीय निरीक्षण कर विभिन्न व्यवस्थाओं का जायजा लिया तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान एसडीएम ने सड़क, विद्युत, सुरक्षा, स्वास्थ्य एवं अन्य आधारभूत सुविधाओं की समीक्षा करते हुए स्पष्ट निर्देश दिए कि यात्रा प्रारंभ होने से पूर्व सभी व्यवस्थाएं पूर्ण रूप से दुरुस्त कर ली जाएं, जिससे श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े। इस अवसर पर क्षेत्राधिकारी राजेश कुमार सिंह, खंड विकास अधिकारी शिव शंकर शर्मा, प्रभारी निरीक्षक रूपेश वर्मा सहित लोक निर्माण विभाग, विद्युत विभाग, स्वास्थ्य विभाग एवं अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने संपूर्ण यात्रा मार्ग का भ्रमण कर संभावित संवेदनशील स्थलों का अवलोकन किया तथा सुरक्षा एवं यातायात प्रबंधन की विस्तृत समीक्षा की।
अलीगंज–कंपिल मार्ग पर कई स्थानों पर सड़क क्षतिग्रस्त एवं गड्ढायुक्त पाए जाने पर उपजिलाधिकारी ने लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को तत्काल मरम्मत कार्य कराते हुए सभी गड्ढों को भरने और मार्ग को सुगम बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि कांवड़ियों की यात्रा में किसी भी प्रकार का व्यवधान स्वीकार नहीं किया जाएगा।विद्युत व्यवस्थाओं की समीक्षा करते हुए एसडीएम ने अलीगंज विद्युत उपखंड के एसडीओ अतुल कुमार को मार्ग पर लगे विद्युत पोल, झुकी हुई लाइनों, ढीले तारों तथा अन्य तकनीकी कमियों को प्राथमिकता के आधार पर दूर कराने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि कांवड़ यात्रा के दौरान विद्युत सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता रहेगी तथा किसी भी प्रकार की लापरवाही पर उत्तरदायित्व निर्धारित किया जाएगा।उपजिलाधिकारी ने बताया कि कांवड़ यात्रा मार्ग पर 10 अस्थायी पुलिस पिकेट स्थापित की जाएंगी, जहां पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती रहेगी। इसके अतिरिक्त संवेदनशील स्थलों पर विशेष निगरानी, नियमित पुलिस गश्त तथा प्रभावी सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी, ताकि यात्रा शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न हो सके।
श्रद्धालुओं की सुविधा के दृष्टिगत स्वास्थ्य विभाग की ओर से चिकित्सकों एवं स्वास्थ्यकर्मियों की ड्यूटी भी लगाई जाएगी। यात्रा मार्ग पर प्राथमिक उपचार, आवश्यक दवाओं एवं एंबुलेंस की समुचित व्यवस्था उपलब्ध रहेगी, जिससे किसी भी आकस्मिक स्थिति में तत्काल चिकित्सा सहायता प्रदान की जा सके।
उपजिलाधिकारी जगमोहन गुप्ता ने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप कांवड़ यात्रा से संबंधित सभी तैयारियां युद्धस्तर पर कराई जा रही हैं। प्रशासन का लक्ष्य श्रद्धालुओं को सुरक्षित, सुगम एवं व्यवस्थित यात्रा उपलब्ध कराना है, जिसके लिए सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ निर्धारित समयसीमा में कार्य पूर्ण करें।
