सीबीआई के डिजिटल ट्रैप में फंसा शातिर………….
कृषि भवन का अधिकारी बताकर लोन दिलाने के नाम पर वसूलता था कमीशन, आगरा के डौकी से गिरफ्तारी; नेटवर्क खंगाल रही सीबीआई
आगरा। केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) ने खुद को कृषि भवन का सरकारी अधिकारी बताकर लोगों से ठगी करने वाले एक शातिर आरोपी को आगरा के डौकी क्षेत्र से गिरफ्तार किया है। आरोपी सरकारी योजनाओं के तहत लोन मंजूर कराने का झांसा देकर लोगों से कमीशन मांगता था और फर्जी पहचान के दम पर लंबे समय से ठगी का कारोबार चला रहा था।

सीबीआई ने आरोपी को डिजिटल ट्रैप के जरिए रंगे हाथों दबोचा। जांच में सामने आया है कि आरोपी लोगों को सरकारी कार्रवाई का डर दिखाकर फर्जी क्यूआर कोड के माध्यम से रकम वसूलता था। इसके अलावा ठगी के लिए कई मोबाइल नंबरों और अलग-अलग बैंक खातों का इस्तेमाल किया जा रहा था।
प्रारंभिक जांच में यह भी पता चला है कि आरोपी खुद को कृषि भवन का अधिकारी बताकर सरकारी योजनाओं और लोन स्वीकृति का भरोसा दिलाता था तथा फाइल आगे बढ़ाने के नाम पर कमीशन की मांग करता था। शिकायत मिलने के बाद सीबीआई ने तकनीकी निगरानी और डिजिटल साक्ष्यों के आधार पर कार्रवाई करते हुए उसे गिरफ्तार कर लिया।
सीबीआई अब आरोपी के पूरे नेटवर्क की पड़ताल कर रही है। जांच एजेंसी यह पता लगाने में जुटी है कि इस गिरोह में और कौन-कौन लोग शामिल हैं, कितने लोगों को ठगी का शिकार बनाया गया है तथा फर्जी बैंक खातों और मोबाइल नंबरों के जरिए कितनी रकम की उगाही की गई। अधिकारियों का कहना है कि जांच के दौरान और भी अहम खुलासे होने की संभावना है।
