लेखराज कौशल
हापुड़ । आदेश नगर कॉलोनी निवासी रामकिशोर पुत्र मनीराम ने पुलिस को दी गई शिकायत में अपनी बहू अंशू पत्नी दीपक कुमार और बेटे दीपक कुमार पर गंभीर आरोप लगाए हैं। शिकायत के अनुसार, वह मजदूरी कर शाम को घर गए थे और घर पर आराम कर रहे थे।

पीड़ित का आरोप है कि इसी दौरान उनकी बहू अंशू ने बिना किसी स्पष्ट कारण के उनके साथ गाली-गलौज शुरू कर दी। जब उन्होंने विवाद का कारण पूछा तो आरोप है कि बहू ने हाथापाई की और चप्पल से मारपीट की। उस समय घर पर कोई अन्य सदस्य मौजूद नहीं था।
शिकायत में यह भी कहा गया है कि जब रामकिशोर अपने बेटे को फोन करने लगे तो कथित रूप से उनका मोबाइल छीनकर फेंक दिया गया। साथ ही पूरे परिवार को घर से निकालने और झूठे शिकायतों में फंसाने की धमकी भी दी गई।
रामकिशोर का कहना है कि यह पहली घटना नहीं है। उनके अनुसार, इससे पहले भी उनकी, उनकी पत्नी और छोटे बेटे के साथ कई बार गाली-गलौज और मारपीट की घटनाएं हो चुकी हैं। उन्होंने बताया कि इस संबंध में पहले भी पुलिस को शिकायत दी गई थी, लेकिन कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई।
पीड़ित ने पुलिस प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच कर उचित कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है।
नोट: यह समाचार शिकायतकर्ता द्वारा लगाए गए आरोपों पर आधारित है। संबंधित पक्ष का पक्ष सामने आने पर उसे भी प्रमुखता से प्रकाशित किया जाएगा। पुलिस जांच के बाद ही मामले की वास्तविक स्थिति स्पष्ट होगी।
