सहारनपुर । आगामी श्रावण मास कांवड़ यात्रा-2026 को सुरक्षित एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए शुक्रवार को रिजर्व पुलिस लाइन सभागार में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) ने एसपीओ, ट्रैफिक वार्डन एवं सिविल डिफेंस के सेवाकर्मियों के साथ समन्वय गोष्ठी की।

एसएसपी ने सभी सेवाकर्मियों को ड्यूटी के दौरान सतर्कता, अनुशासन और पुलिस के साथ बेहतर समन्वय बनाए रखते हुए कांवड़ यात्रियों की सहायता करने के निर्देश दिए। उन्होंने यातायात प्रबंधन, भीड़ नियंत्रण, संवेदनशील स्थलों पर निगरानी तथा आपात स्थिति में त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया। उन्होंने कहा कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि, अफवाह या कानून-व्यवस्था से जुड़ी सूचना मिलने पर तत्काल संबंधित अधिकारियों एवं पुलिस कंट्रोल रूम को सूचित किया जाए।
गोष्ठी में उपस्थित सभी एसपीओ, ट्रैफिक वार्डन एवं सिविल डिफेंस कर्मियों ने कांवड़ यात्रा को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और सफल बनाने में पूर्ण सहयोग का भरोसा दिलाया।
