एटा। आगामी श्रावण मास की कांवड़ यात्रा को शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से अपर पुलिस अधीक्षक एटा श्वेताभ पाण्डेय ने शुक्रवार को थाना बागवाला क्षेत्र स्थित प्रसिद्ध परसौन शिव मंदिर का स्थलीय निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्थाओं का गहन जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों एवं मंदिर प्रबंधन समिति को श्रद्धालुओं की सुरक्षा, भीड़ प्रबंधन तथा यातायात व्यवस्था को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए।

निरीक्षण के समय अपर पुलिस अधीक्षक के साथ क्षेत्राधिकारी नगर कीर्तिका सिंह सहित पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारी भी उपस्थित रहे। एएसपी ने मंदिर परिसर, प्रवेश एवं निकास मार्ग, कांवड़ यात्रा मार्ग, बैरिकेडिंग, पार्किंग स्थल तथा श्रद्धालुओं के आवागमन के लिए की गई व्यवस्थाओं का बारीकी से निरीक्षण किया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्रत्येक व्यवस्था समय रहते पूर्ण कर ली जाए, जिससे श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।
अपर पुलिस अधीक्षक श्वेताभ पांडेय ने मंदिर प्रबंधन समिति से कहा कि श्रावण मास के दौरान श्रद्धालुओं की संख्या में संभावित वृद्धि को देखते हुए प्रशिक्षित स्वयंसेवकों (वॉलंटियर) का दल गठित कर उनकी विभिन्न स्थानों पर तैनाती सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि स्वयंसेवक श्रद्धालुओं के मार्गदर्शन, भीड़ नियंत्रण तथा आपात परिस्थितियों में प्रशासन के सहयोगी के रूप में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि कांवड़ यात्रा के दौरान पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती, यातायात का सुचारु संचालन, नियमित गश्त, संवेदनशील स्थलों पर विशेष सतर्कता तथा संदिग्ध व्यक्तियों एवं गतिविधियों पर निरंतर निगरानी सुनिश्चित की जाए। इसके साथ ही सभी अधिकारियों को आपसी समन्वय बनाए रखते हुए सुरक्षा संबंधी प्रत्येक व्यवस्था को प्रभावी ढंग से लागू करने के निर्देश दिए गए।
अपर पुलिस अधीक्षक ने कहा कि कांवड़ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा एवं सुविधा प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसके लिए पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क एवं प्रतिबद्ध है तथा यात्रा को सकुशल एवं निर्विघ्न संपन्न कराने के लिए सभी आवश्यक प्रबंध सुनिश्चित किए जा रहे हैं।
