पुलिस दर्पण रिपोर्टर कृष्ण चंद शुक्ला पयागपुर बहराइच
बहराइच, पयागपुर। शनिवार को थाना पयागपुर में आयोजित थाना समाधान दिवस के दौरान एक अनोखा मामला चर्चा का विषय बना रहा। विभिन्न मामलों के पांच प्रार्थना पत्रों के बीच एक युवक ने अपनी आपबीती सुनाते हुए न्याय की गुहार लगाई।

थाना क्षेत्र के काली दुबे पुरवा, फरदा सुमेरपुर निवासी जीवन लाल यादव पुत्र कैलाश यादव ने तहसीलदार अंबिका प्रसाद चौधरी एवं थाना प्रभारी दीपक सिंह को प्रार्थना पत्र देकर बताया कि उसकी शादी 19 जून को रानीपुर थाना क्षेत्र के खोटवा समय चालुआ निवासी राजेश यादव ने एक महिला से ₹1 लाख लेकर बहराइच स्थित माता मंदिर में रीति-रिवाज के साथ कराई थी।
पीड़ित का आरोप है कि शादी के महज तीन दिन बाद, 24 जून की रात महिला ने उसे कथित रूप से नींद की गोली खिला दी और घर में रखे जेवरात व नकदी लेकर फरार हो गई। काफी खोजबीन के बावजूद उसका कोई पता नहीं चल सका। पीड़ित ने बताया कि जब उसने बिचौलिये राजेश यादव से संपर्क किया तो उसने मामले से अपना पल्ला झाड़ते हुए किसी भी प्रकार की जिम्मेदारी लेने से इनकार कर दिया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए तहसीलदार अंबिका प्रसाद चौधरी एवं थाना प्रभारी दीपक सिंह ने पीड़ित को आवश्यक कार्रवाई कर न्याय दिलाने का आश्वासन दिया। थाना समाधान दिवस में यह मामला लोगों के बीच पूरे समय चर्चा का विषय बना रहा।
