बहराइच। जिले में सरकारी धन के कथित दुरुपयोग और पंचायत व्यवस्था में अनियमितता का मामला सामने आया है। विकास खंड हुजूरपुर क्षेत्र की एक ग्राम पंचायत में पंचायत भवन पर स्थापित किए जाने वाले बीएसएनएल टावर को नियमों की अनदेखी कर पूर्व प्रधान के निजी आवास पर स्थापित कराए जाने का आरोप है। मामले की जांच में अनियमितता की पुष्टि होने के बाद संबंधित लोगों के विरुद्ध थाना हुजूरपुर में एफआईआर दर्ज कराई गई है।

जानकारी के अनुसार, जिला पंचायत राज अधिकारी (डीपीआरओ) की जांच में सामने आया कि पंचायत भवन के लिए स्वीकृत बीएसएनएल टावर को पूर्व प्रधान सीताराम के निजी आवास पर स्थापित कराया गया। जांच रिपोर्ट के आधार पर एडीओ पंचायत की तहरीर पर पूर्व प्रधान सीताराम, तत्कालीन ग्राम पंचायत सचिव अरुण कुमार वर्मा सहित अन्य संबंधित लोगों के विरुद्ध सरकारी धन के दुरुपयोग एवं नियमों के उल्लंघन के आरोप में मुकदमा दर्ज किया गया है।
पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। अब जांच के दौरान आरोपों की पुष्टि होने पर संबंधित लोगों के विरुद्ध आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।
इस प्रकरण के सामने आने के बाद ग्रामीणों में भी चर्चा का विषय बना हुआ है। अब सभी की निगाहें पुलिस और प्रशासन की आगे की कार्रवाई पर टिकी हैं।
