संवाददाता,: प्रिंस गुप्ता
मंडल प्रभारी पुलिस दर्पण
भदोही, 30 जुलाई। जिलाधिकारी शैलेष कुमार एवं पुलिस अधीक्षक अभिनव त्यागी ने गुरुवार को जिला कारागार ज्ञानपुर का संयुक्त रूप से आकस्मिक निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्था, स्वच्छता, चिकित्सा सुविधा और बंदियों को उपलब्ध कराई जा रही मूलभूत सुविधाओं का जायजा लिया। अधिकारियों ने जेल प्रशासन को शासन की ओर से निर्धारित सभी सुविधाएं समय पर उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान डीएम और एसपी ने पुरुष, महिला एवं किशोर बैरकों के साथ रसोईघर, खाद्यान्न स्टोर और जेल परिसर में संचालित डिस्पेंसरी का निरीक्षण किया। उन्होंने बंदियों से बातचीत कर भोजन, स्वास्थ्य सेवाओं तथा अन्य सुविधाओं की जानकारी ली और व्यवस्थाओं को और बेहतर बनाए रखने के निर्देश दिए।
अधिकारियों ने पेयजल व्यवस्था, शौचालय, साफ-सफाई तथा मुलाकाती पंजिका का भी अवलोकन किया। इस दौरान कारागार अधीक्षक ने जेल परिसर की व्यवस्थाओं से अवगत कराया। जिलाधिकारी ने कहा कि बंदियों की सुरक्षा, स्वास्थ्य और अन्य आवश्यक सुविधाओं में किसी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी तथा सभी व्यवस्थाएं शासन की मंशा के अनुरूप संचालित की जाएं।
