संवाददाता: प्रिंस गुप्ता
मंडल प्रभारी पुलिस दर्पण
भदोही। औराई विधानसभा से भाजपा विधायक दीनानाथ भास्कर के एक सोशल मीडिया पोस्ट ने जिले की राजनीति में नई चर्चा शुरू कर दी है। अपने बेबाक बयानों के लिए अक्सर चर्चा में रहने वाले विधायक ने इस बार समाजवादी पार्टी की पूर्व प्रत्याशी अंजनी सरोज और पूर्व विधायक मधुबाला सरोज को लेकर बड़ा बयान दिया है।

विधायक दीनानाथ भास्कर ने अपने सोशल मीडिया पोस्ट में कहा कि यदि समाजवादी पार्टी की पूर्व औराई प्रत्याशी अंजनी सरोज और पूर्व विधायक मधुबाला सरोज भाजपा नेताओं के संपर्क में हैं, तो उन्हें चोरी-छिपे मिलने के बजाय खुलकर भारतीय जनता पार्टी की सदस्यता ग्रहण कर लेनी चाहिए। उन्होंने कहा कि यदि दोनों भाजपा में शामिल होती हैं तो पार्टी उनकी सदस्यता का स्वागत करेगी।
अपने पोस्ट में विधायक ने भाजपा के मिर्जापुर जिलाध्यक्ष लाल बहादुर सरोज का औराई विधानसभा में स्वागत करते हुए कहा कि पार्टी में आने वाले सभी नेताओं और कार्यकर्ताओं का सम्मान किया जाना चाहिए। उन्होंने भाजपा नेता रमेश पासी को अपना छोटा भाई बताते हुए कहा कि यदि वह उनसे बातचीत करते हैं तो वह उनका भी पूरा सम्मान करेंगे।
विधायक दीनानाथ भास्कर ने भाजपा नेता चंदूलाल चंद्राकार को भी सलाह दी। उन्होंने कहा कि व्यक्तिगत आरोप-प्रत्यारोप करने के बजाय पूरे विधानसभा क्षेत्र में सक्रिय रहकर जनता के बीच अपनी पकड़ मजबूत करनी चाहिए। उन्होंने कहा कि पार्टी में हर कार्यकर्ता और नेता को टिकट मांगने का अधिकार है, लेकिन एक-दूसरे को कमजोर करने के बजाय संगठन को मजबूत करने के लिए मिलकर काम करना चाहिए।
उन्होंने कहा कि आगामी विधानसभा चुनाव में भाजपा को दोबारा सत्ता में लाने के लिए सभी नेताओं और कार्यकर्ताओं को एकजुट होकर संगठन के हित में काम करना होगा। अपने संदेश के अंत में विधायक ने सभी नेताओं और कार्यकर्ताओं के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए शुभकामनाएं भी दीं।
विधायक के इस बयान के बाद औराई विधानसभा की राजनीतिक हलचल तेज हो गई है। उनके सोशल मीडिया पोस्ट को लेकर जिले में तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं और राजनीतिक गलियारों में इसे आगामी विधानसभा चुनाव से जोड़कर देखा जा रहा है।
