आगरा ब्यूरो कार्यालय
आगरा, वरिष्ठ संवाददाता। शहर को स्मार्ट बनाने के दावे करने वाले आगरा नगर निगम की कार्यशैली पर एक बार फिर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। ताजगंज क्षेत्र के गोबर चौकी इलाके में सीवर लाइन की निकासी व्यवस्था पूरी तरह ध्वस्त होने के कारण सड़क के नीचे की जमीन खोखली हो गई। परिणामस्वरूप सड़क अचानक धंस गई और वहां से गुजर रहा एक भारी ट्रक बीच सड़क पर जमींदोज हो गया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, लंबे समय से सीवर का पानी सड़क के नीचे रिस रहा था, जिससे मिट्टी का कटाव होता रहा। समय रहते मरम्मत नहीं होने के कारण सड़क अंदर ही अंदर खोखली हो गई और शुक्रवार को ट्रक का भार पड़ते ही सड़क धंस गई। ट्रक का पिछला हिस्सा गहरे गड्ढे में फंस गया, जिससे मार्ग पर यातायात बाधित हो गया और लोगों में अफरा-तफरी मच गई।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि क्षेत्र में सीवर जाम और जलभराव की समस्या लंबे समय से बनी हुई है। कई बार शिकायतें करने के बावजूद नगर निगम ने स्थायी समाधान नहीं किया। उनका कहना है कि यदि समय रहते सीवर लाइन की मरम्मत और सड़क की जांच कर ली जाती, तो यह हादसा टाला जा सकता था।
घटना ने नगर निगम के विकास कार्यों की गुणवत्ता और निगरानी व्यवस्था पर गंभीर प्रश्नचिह्न लगा दिए हैं। करोड़ों रुपये खर्च कर बनाई जा रही सड़कों की मजबूती पर भी सवाल उठ रहे हैं। लोगों का कहना है कि यदि इसी प्रकार विकास कार्य होते रहे तो शहर की सड़कें आम लोगों के लिए खतरा बन जाएंगी।
घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। ट्रक को निकालने और सड़क की मरम्मत के लिए संबंधित विभाग की टीम को बुलाया गया। फिलहाल मार्ग पर यातायात प्रभावित रहा और क्षेत्रवासियों ने नगर निगम से जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई तथा सीवर व्यवस्था को तत्काल दुरुस्त कराने की मांग की है।
