300 मीटर क्षेत्र में होगा निर्माण, जलभराव की समस्या से लोगों को मिलेगी राहत
संवाददाता प्रिंस गुप्ता
मंडल प्रभारी पुलिस दर्पण
नई बाजार, भदोही। नगर पंचायत नई बाजार में विकास कार्यों को गति देते हुए जल निकासी और सीसी पटरी मरम्मत का काम शुरू करा दिया गया है। तमन्ना हाउस से ईदगाह तक करीब 300 मीटर क्षेत्र में यह कार्य कराया जा रहा है। इस पूरे काम पर लगभग 22 लाख रुपये खर्च किए जाएंगे।

निर्माण कार्य शुरू होने से क्षेत्र के लोगों में राहत की उम्मीद जगी है। जल निकासी व्यवस्था बेहतर होने से बारिश के दिनों में होने वाले जलभराव की समस्या कम होने की उम्मीद है। वहीं, क्षतिग्रस्त सीसी पटरी की मरम्मत से लोगों को आवागमन में भी सुविधा मिलेगी।

नगर पंचायत की ओर से कार्य को निर्धारित मानकों के अनुसार और जल्द पूरा कराने का प्रयास किया जा रहा है। अधिकारियों और कर्मचारियों द्वारा निर्माण कार्य की निगरानी भी की जा रही है, ताकि लोगों को बेहतर सुविधा मिल सके।
नगर पंचायत अध्यक्ष निर्मला लालता सोनकर ने कहा कि नई बाजार को मॉडल नगर पंचायत के रूप में विकसित करना उनका लक्ष्य है। नगरवासियों की समस्याओं को प्राथमिकता के आधार पर दूर कराने का प्रयास किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि नगर पंचायत में स्वच्छ वातावरण, स्वच्छ पानी और स्वच्छ शहर उपलब्ध कराना प्राथमिकता है। विकास कार्यों को आगे भी इसी तरह गति दी जाएगी, जिससे नगरवासियों को बेहतर सड़क, जल निकासी और अन्य मूलभूत सुविधाएं मिल सकें।
