
आगरा कार्यालय संवाददाता
रक्षामंत्री राजनाथ सिंह होंगे मुख्य अतिथि, राजनीतिक भागीदारी पर होगा मंथन
आगरा। अखिल भारतीय खटीक समाज (रजि.) की ओर से 13 सितंबर को खंदारी स्थित राव कृष्णपाल सिंह सभागार में मंडल स्तरीय ‘खटीक गर्जना सम्मेलन’ का आयोजन किया जाएगा। सम्मेलन में खटीक समाज की राजनीतिक भागीदारी, सामाजिक एकजुटता और आगामी चुनावों में समाज की भूमिका को लेकर मंथन होगा। शुक्रवार को वाटरवर्क्स स्थित अतिथिवन में सम्मेलन के आमंत्रण पत्रक का विमोचन कर पदाधिकारियों ने कार्यक्रम की जानकारी दी।
कार्यक्रम संयोजक एवं राष्ट्रीय उपाध्यक्ष हेमंत चलनीवाले और आयोजक संजीव चक ने बताया कि सम्मेलन के मुख्य अतिथि रक्षामंत्री राजनाथ सिंह होंगे। विशिष्ट अतिथियों में सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री वीरेंद्र खटिक, संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं उज्जैन सांसद अनिल फिरोजिया, सांसद डॉ. भोला सिंह और जलशक्ति राज्यमंत्री दिनेश खटिक शामिल होंगे।
उन्होंने बताया कि सम्मेलन का उद्देश्य खटीक समाज को नई दिशा देने के साथ संगठनात्मक मजबूती प्रदान करना है। ‘जिसकी जितनी तैयारी, उसकी उतनी भागीदारी’ के संदेश के साथ समाज की राजनीतिक भागीदारी बढ़ाने पर जोर दिया जाएगा। राजनीतिक दलों द्वारा समाज की कथित उपेक्षा और उचित प्रतिनिधित्व का मुद्दा भी प्रमुखता से उठाया जाएगा।
राष्ट्रीय महासचिव संतोष के. खटीक ने बताया कि सम्मेलन में देश में खटीक समाज को अनुसूचित जाति में शामिल किए जाने की मांग उठाई जाएगी। चक उपजाति को खटीक जाति में सम्मिलित कर अनुसूचित जाति का दर्जा सुनिश्चित करने, आगरा मंडल में संख्या बल के अनुरूप राजनीतिक प्रतिनिधित्व देने तथा योग्य एवं सक्षम लोगों को उनकी योग्यता के अनुसार राजनीतिक, सामाजिक और अन्य महत्वपूर्ण पदों पर प्रतिनिधित्व देने की मांग भी रखी जाएगी।
आयोजकों के अनुसार सम्मेलन में आगरा मंडल के अलावा विभिन्न जनपदों से खटीक समाज के हजारों लोगों के शामिल होने की उम्मीद है। इस दौरान राम तीरथ, गौरव चक, ब्रह्मचारी चक, गुड्डू मेनन, सुनील चक, पवन चक्रवाती, कुसुमलता वर्मा, लाखन सिंह चक, शिवकुमार सूर्यवंशी, पुष्पेंद्र खटिक, डॉ. विनोद धारिया, गौरव सेजवार, रवि मधुरिया आदि मौजूद रहे।
